मध्यप्रदेश के भेड़ाघाट में नर्मदा नदी पर 100 फीट चौड़ा सिंगल पाइलॉन आइकॉनिक ब्रिज बनाया जा रहा है। करीब 1.3 किमी लंबे इस टू-लेयर पुल पर नीचे सड़क यातायात और ऊपर रोपवे चलेगा। 270 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना 2027 तक पूरी होने का लक्ष्य है।
MP News: मध्यप्रदेश के भेड़ाघाट में नर्मदा नदी पर 100 फीट चौड़े सिंगल पाइलॉन वाले आइकॉनिक ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अत्याधुनिक इंजीनियरिंग से तैयार हो रहा यह ब्रिज प्रदेश की सबसे लंबी निर्माणाधीन रिंग रोड का प्रमुख आकर्षण होगा। यह टू-लेयर ब्रिज होगा, जिसमें निचले हिस्से में सडक़ यातायात संचालित होगा, जबकि ऊपरी हिस्से में दूसरे चरण में रोपवे संचालित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल भेड़ाघाट के महत्व को देखते हुए ब्रिज का डिजाइन भी आकर्षक बनाया जा रहा है। इसकी विशेष लाइटिंग व्यवस्था पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
करीब 1.3 किलोमीटर लंबे इस आइकॉनिक ब्रिज का निर्माण लगभग 270 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी एनएचएआइ के अधिकारियों के अनुसार, ब्रिज का एक हिस्सा 487 मीटर लंबा एक्स्ट्रा डोज केबल ब्रिज होगा। ब्रिज के पाइलॉन का निर्माण कार्य जारी है और परियोजना को साल 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भेड़ाघाट में बन रहा सिंगल पाइलॉन ब्रिज 100 फीट चौड़ा होगा, जो देश में किसी नदी पर सिंगल पाइलॉन के साथ बनने वाला सबसे चौड़ा पुल होगा। टू-लेयर संरचना वाले इस ब्रिज में सडक यातायात के साथ दूसरे चरण में रोपवे का निर्माण भी प्रस्तावित है।