
Bhopal double murder case (ऐशबाग डबल मर्डर केस में दो संदिग्धों की तस्वीर वायरल Photo Source- bhopal Police)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले सुदामा नगर में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस द्वारा दो संदिग्धों की तस्वीर वायरल करने के पीछे 13 दिनों की मशक्कत है। पुलिस की टीम ने तीन लेयर में जांच करते हुए एक हजार सीसीटीवी फुटेज की जांच की और 500 चेहरे खंगाले। तब जाकर दो संदिग्धों की पहचान हुई है। अब पुलिस की नजर हरियाणा-पंजाब के कॉन्ट्रैक्ट किलर्स पर है, जिनके चेहरे से संदिग्धों के चेहरे का मिलान किया जा रहा है।
वहीं, जांच टीम सोशल मीडिया पर भी दोनों संदिग्धों की तस्वीर वायरल करके लोगों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनाम की भी घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि अब तक एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल सीडीआर की जांच कर चुकी है।
जांच में लगी पुलिस को संदेह है कि यह हत्या कॉन्ट्रैक्ट किलिंग से हुई है। इसी आधार पर फुटेज में दो संदिग्ध रेनकोट और ग्लब्स पहने दिखाई दे रहे हैं, जिससे उन्होंने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की है। दोनों की उम्र 30 से 38 साल के बीच की है।
पुलिस ने फुटेज को स्पष्ट कराने के लिए दिल्ली की एक निजी एजेंसी की मदद ली है । फुटेज में दोनों पहले साथ चलते दिखाई देते हैं, फिर अलग-अलग रास्तों पर निकल जाते हैं और बाद में सुभाष नगर अंडरब्रिज के पास दोबारा मिलते हैं। इसके बाद वे कैमरों की नजर से ओझल हो जाते हैं।
जानकारी मिली है कि जांच के दौरान पुलिस को एक क्लू मिला है कि दंपती के मकान में रहने वाला एक किराएदार घटना से चार दिन पहले अचानक लापता हो गया है । उसका सामान अब भी मकान में रखा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
26 जून को रेलवे सेवानिवृत्त 70 वर्षीय हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी 70 वर्षीय शकुंतला के शव उनके घर से बरामद हुए थे। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। दोनों की हत्या 24 जून की रात 8 से 8.30 बजे के बीच दो-दो गोलियां मारकर की गई थी।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि फुटेज में दिख रहे युवकों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Updated on:
11 Jul 2026 06:46 am
Published on:
11 Jul 2026 06:46 am
