कश्मीर में व्याप्त आतंकी गतिविधियों का भी किया शिकायत में जिक्र
भोपाल । बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के अंग्रेजी विषय के अध्ययन मंडल के अध्यक्ष और उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान में अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. ज्ञान सिंह गौतम को वाट्सएप मैजेस के माध्यम से धमकी मिली है। प्रो. गौतम ने इसकी शिकायत राजभवन और डीजीपी सहित बीयू के कुलपति से की है। उन्होंने बताया है कि उन्हें अंगे्रजी विषय के कश्मीरी शोधार्थियों की ओर से राशीद मलिक द्वारा धमकी भरे मैसेज वाट्सएप पर भेजे गए हैं। जिस नंबर से मैसेज मिले हैं उस नंबर को ट्रू-कॉलर राशीद मलिक का बता रहा है। शिकायत के अनुसार कश्मीर में व्याप्त आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर मन में भय उत्पन्न हो रहा है क्योंकि, जो मैसेज भेजा गया है उसमें लिखा है कि आपके लिए अच्छा नहीं होगा। इसके चलते प्रो. गौतम ने इसकी जांच कराकर दोषी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
राजभवन में की गई शिकायत के अनुसार बीयू द्वारा पीएचडी शोध उपाधि नियमित पाठ्यक्रम के माध्यम से दी जाती है। जिसके अनुसार छात्रों को समय समय पर विवि एवं शोध केंद्र पर अपनी उपस्थिति देनी होती लेकिन नियमों का परिपालन इनके द्वारा नहीं किया जाता है तथा हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जाता है। नियमानुसार कार्य करने पर उन्हें धमकी दी जा रही है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार कार्य करना कठिन हो रहा है।
आरडीसी की हो रही हैं बैठकें...
बीयू में अंग्रेजी विषय की रिसर्च डिग्री कमेटी (आरडीसी) कमेटी की बैठक आयोजित की जा रही हैं। इसमें पात्र उ मीदवारों का शोध साक्षात्कार लिया जा रहा है। 12 जुलाई और 13 जुलाई को वाट्सएप पर जूठे और निराधार आरोप लगाते हुए धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं।
20 कश्मीरी शोधार्थी लेकिन सभी दोषी नहीं..
निर्धारित समय में जो कार्रवाई होनी चाहिए वह करते नहीं है। फिर वह दबाव डालकर कार्रवाई कराना चाहते हैं। धमकी भरे मैसेज मिले तो सावधानी बरतने की दृष्टि से शिकायत की गई है। ताकि जांच में पूरी बात स्पष्ट हो सके। अंग्रेजी विषय में करीब 20 कश्मीरी शोधार्थी होंगे। लेकिन सभी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
प्रो. ज्ञान सिंह गौतम, प्राध्यापक,उत्कृष्टता संस्थान
-------
संभवत: शिकायत मिली है। मुझे पूरी तरह से ध्यान नहीं है। मेरे द्वारा रजिस्ट्रार को भेजी गई होगी। इस प्रकरण की जांच करा ली जाएगी।
प्रो. आरजे राव, कुलपति,बीयू