
CS Ashok Barnwal : एमपी के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी के मामले में उनपर अभियोजन स्वीकृति नहीं देने के सरकार के निर्णय पर लोक भवन ने भी मुहर लगा दी है। मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इसके कुछ ही घंटों बाद गवर्नर मंगुभाई पटेल से भी राज्य सरकार को अपने रुख पर लगभग सहमति मिल गई। हालांकि इसकी अधिकृत घोषणा होनी बाकी है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल कुछ दिनों से बाहर थे। सोमवार को वे जैसे ही भोपाल लौटे, प्रदेश के सीएस अशोक वर्णवाल भी लोकभवन जा पहुंचे। उनके अचानक राज्यपाल से मिलने पहुंचने पर प्रशासनिक और राजनैतिक हल्कों में हलचल मच गई।
मंत्री विजय शाह के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। राज्य सरकार बोली कि एसआइटी ने जांच पूरी कर ली है। अभियोजन की फाइल राज्यपाल के पास भेजी गई है। इस पर अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी।
कोर्ट में मंत्री विजय शाह की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह ने ध्यान दिलाया कि शाह ने अगले ही दिन माफी मांग ली थी। उन्होंने अनुरोध किया कि इसे रिकॉर्ड पर लिया जाए। शीर्ष अदालत ने यह पाते हुए कि अभियोजन के लिए मंजूरी का मामला अभी सक्षम प्राधिकारी के समक्ष लंबित है, उसी के अनुसार मामले को स्थगित कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के कुछ घंटे बाद ही देर रात राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी न देने के एमपी कैबिनेट के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जता दी। हालांकि आधिकारिक रूप से इसपर कुछ नहीं कहा गया पर सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल ने फाइल का अवलोकन किया। इसके बाद सरकार के फैसले पर सहमति हुई। अब फाइल वापस गृह विभाग भेजी जाएगी।
लोक भवन के सूत्रों के अनुसार राज्यपाल मंगुभाई पटेल कुछ दिनों से प्रदेश में नहीं थे। वे सोमवार को जैसे ही भोपाल लौटे, प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी लोक भवन जा पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि सीएस अशोक वर्णवाल, मंत्री विजय शाह मामले में ही चर्चा करने राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंत्री शाह मामले में राज्यपाल के अभिमत का इंतजार करने की बात कहने के बाद अब गेंद राज्यपाल के पाले में आ गई है। राज्यपाल को ही तय करना है कि अभियोजन की स्वीकृति दी जाए या नहीं। इसे देखते हुए कांग्रेस विधायकों को प्रतिनिधिमंडल नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात करेगा।
मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कर्नल कुरैशी को ‘आतंकियों की बहन’ बताया था। मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR दर्ज की गई जिसको चुनौती देते हुए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।