भोपाल

राजधानी में कुल्हाड़ी से पत्नी के दोनों हाथ काटे, 15 दिन में तीसरी वारदात

- 10 मार्च को हुई थी पहली घटना- जान बचाने में जुटे डॉक्टर- 15 दिन में पत्नी के हाथ काटने की तीसरी वारदात

2 min read
Mar 26, 2021

भोपाल. राजधानी भोपाल में पति द्वारा पत्नी के साथ क्रूरता का एक और मामला सामने आया है। शहर में गुरुवार को पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी के दोनों हाथ काट दिए। महिला को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया जहां उसके हाथों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। बीते 15 दिन में पत्नी के हाथ काटने की तीसरी घटना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक बैतूल के करीब चिचोली गांव निवासी राजू बंशकार ने सुबह करीब 5.30 बजे अपनी पत्नी कविता बंशकार पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पत्नी को संभलने का मौका नहीं मिला और उसके दोनों हाथ कट गए। कविता का एक हाथ का पंजा बांह से पूरी तरह से कट गया है और दूसरे हाथ कलाई से कटा है। महिला के चेहरे और कंधे पर भी कई घाव लगे हैं।

देर रात तक ऑपरेशन जारी
घटना के बाद कविता को 108 एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया था। महिला की हालत गंभीर होने भोपाल लाया गया। हमीदिया अस्पताल में सीनियर रेसीडेंट डॉ. राहुल शुक्ला ने बताया कि कविता को दोपहर तीन बजे ओपीडी में लाया गया। प्राथमिक जांच के बाद उसे करीब 6.30 बजे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। यहां हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव गौर के निर्देशन मंे बनी तीन विभागों की टीम ऑपरेशन कर कविता के हाथों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

संगीता की एक अंगुली में ही हलचल
गौरतलब है कि 10 मार्च को भोपाल में भी एक पति ने अपनी पत्नी संगीता के हाथ पर फरसा मार काट दिया था। हमीदिया अस्पताल में ऑपरेशन कर महिला का हाथ जोड़ दिया गया। लेकिन उसका एक पैर काटना पड़ा। फिलहाल उसकी एक उंगली में ही हलचल है। इसके बाद दूसरी घटना २४ मार्च को हुई जिसमें सागर की रहने वाली 20 साल की आरती गोंड का सोमवार रात अपने पति रणवीर से विवाद हो गया। जिसके बाद पति ने उसके दोनों हाथ काट दिए थे।

Published on:
26 Mar 2021 08:27 am
Also Read
View All