
twisha sharma suspicious death
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रहने वाली रिटायर्ड महिला जज की बहू की मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बहू घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली है, वहीं उसके मायके वालों ने पति व ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पति बीते आठ दिनों से लगातार उनकी बेटी से बदसलूकी कर रहा था और आखिरी बार बेटी ने अपने भाई को फोन कर इसके बारे में बताया था। आरोप है कि ससुरालवालों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया है।
मृतका का नाम ट्विशा शर्मा है जो कि नोएडा की रहने वाली थी। ट्विशा की शादी करीब एक साल पहले भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाले सामर्थ शर्मा के साथ हुई थी। सामर्थ पेशे से वकील है और उसकी मां रिटायर्ड जज हैं। ट्विशा बीती रात अपने घर में फांसी के फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके कारण अभी मामला आत्महत्या का है या फिर कुछ और साफ नहीं हो पाया है।
मृतका ट्विशा के परिजन बुधवार को भोपाल पहुंच चुके हैं। ट्विशा के मायके वालों ने पति सामर्थ और ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने के साथ ही हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने के आरोप लगाए हैं। मृतका का भाई आर्मी में मेजर है जिसने बताया कि बीती रात ही ट्विशा ने उन्हें फोन किया था और बताया था कि करीब आठ दिन से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके कुछ देर बाद ही ट्विशा की सास का फोन आया जिन्होंने कहा कि ट्विशा ने आत्महत्या कर ली है आप लोग भोपाल आ जाएं। उन्होंने ये भी कहा कि ट्विशा ने नोएडा आने के लिए रिजर्वेशन करा लिया था और वो मायके लौटना चाहती थी।
मृतका के मेजर भाई ने बताया कि ट्विशा शादी के बाद भी जॉब करती थी लेकिन बीते दिनों उसने जॉब छोड़ दी थी और जॉब छोड़ने के बाद से उसे ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। पति और ससुरालवाले उसे नाकारा कहकर नीचा दिखाते थे, ताने मारते थे। उन्होंने आगे कहा कि ट्विशा अभी मां नहीं बनना चाहती थी लेकिन मार्च महीने में अनप्लांड प्रेग्नेंसी हो गई थी। ससुरालवालों ने बच्चा पैदा करने के लिए भी दबाव बनाया। पति सामर्थ उससे कहता था कि ये बच्चा मेरा नहीं है इसलिए तू इसे गिराना चाहती थी। इसके कारण ट्विशा काफी डिप्रेशन में आ चुकी थी। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयानों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
13 May 2026 04:35 pm
Published on:
13 May 2026 04:08 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
