कोई ऐप डाउनलोड करवाता है तो रहें सावधान
भोपाल. पुरानी मोबाइल सिम को विधिवत बंद करने के नाम पर एयरपोर्ट रोड निवासी आरिफ खान के साथ हजारों रुपए की धोखाधड़ी हो गई। साइबर फ्रॉड करने वाले आरोपी ने आरिफ खान के फोन पर कॉल कर उन्हें बताया कि उनकी बीएसएनएल की एक पुरानी सिम काफी दिन से बंद पड़ी हुई है। इसे बंद कराने के लिए एक विधिवत प्रक्रिया का पालन करना पड़ेगा अन्यथा बिल की राशि बढ़ती जाएगी। आरिफ खान ने कॉल करने वाले का भरोसा कर लिया।
ऐप करवाया डाउनलोड
आरोपी ने आरिफ खान से कहा कि वह प्ले स्टोर पर जाकर एनीडेस्क नाम का एक एप्लीकेशन अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर ले। एप्लीकेशन डाउनलोड होने के बाद आरोपी ने आइडी मांग कर फोन हैक कर लिया। आइडी शेयर करते ही ठगों ने बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में 74 हजार निकाल लिए गए। धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद आरिफ खान ने इस मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है।
एनीडेस्क मिरर एप्लीकेशन है
प्ले स्टोर पर मिलने वाला एनीडेस्क एवं इस प्रकार की अन्य एप्लीकेशन मिरर एप्लीकेशन कहलाते हैं। आप जब तक इन एप्लीकेशन को अपने मोबाइल पर डाउनलोड करने के बाद इसका आइडी शेयर नहीं करेंगे, तब तक आप सुरक्षित रहेंगे। आपने जैसे ही अपना आइडी किसी अन्य को शेयर किया तो आपका कंप्यूटर एवं मोबाइल स्क्रीन सामने वाले व्यक्ति के कंप्यूटर एवं मोबाइल स्क्रीन से कनेक्ट हो जाएगा। इस प्रकार सामने वाला व्यक्ति आपके सिस्टम में प्रवेश कर अपने हिसाब से गतिविधियां संचालित कर सकेगा। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। कोई भी अनजान व्यक्ति यदि किसी भी तरह का ऐप डाउनलोड करवाता है तो सतर्क रहें।