
21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट (photo Source)
MP Weather : मध्य प्रदेश में एक तरफ जहां भीषण गर्मी का दौर जारी है तो वहीं, दूसरी तरफ आंधी - बारिश ने अधिकतर क्षेत्रों के मौसम का मिजाज बदल दिया है। शुक्रवार को पूरे दिन प्रदेश के कई जिलों के मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिससे दिन की तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, राजधानी भोपाल में स्थित प्रदेश के मौसम विभाग ने आज शनिवार को राज्य के 21 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही, इनमें से कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चलने की भी संभावना जताई है। विभाग का ये भी कहना है कि प्रदेश में अगले चार दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में बीते 2 दिन आधे से ज्यादा जिले आंधी - बारिश से प्रभावित रहे है। 35 जिलों में बारिश, ओले या फिर आंधी का दौर देखने को मिला, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो साइक्लोनिक सकुर्लेशन के चलते गर्मी के बीच मौसम में बदलाव हुआ है। वहीं, हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रीय है, जो आगे बढ़ेगा। इससे एमपी में आगे भी आंधी - बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आज प्रदेश के ग्वालियर, जबलपुर, छतरपुर, अशोक नगर, अनूपपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिवनी, सतना, नीमच, निवाड़ी, मंडला, मंदसौर, दतिया, टीकमगढ़, बालाघाट, मैहर, पन्ना, गुना और डिंडोरी में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, विदिशा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, धार, आगर-मालवा, आलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, बैतूल, खरगोन, खंडवा, शहडोल, शाजापुर, सागर, सीधी, सिंगरौली, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, मऊगंज, रतलाम, रीवा, हरदा, झाबुआ, कटनी, पांढुर्णा, देवास, उमरिया जिले में गर्मी का असर पहले की तरह जारी रहेगा।
बीते 24 घंटों के दौरान शुक्रवार को प्रदेश के खंडवा जिले का तापमान सबसे गर्म दर्ज हुआ। यहां पारा 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, नरसिंहपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि, रतलाम में 41.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 41 डिग्री, बैतूल में 40.8 डिग्री, उज्जैन में 40.5 डिग्री, गुना में 40.4 डिग्री, शाजापुर, सागर और दमोह में 40.2 डिग्री, श्योपुर में 40 डिग्री, भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, जबलपुर में 38 डिग्री और ग्वालियर में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
Published on:
02 May 2026 11:01 am
