
Dhal Singh Bisen Uttarakhand Governor: मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है, इनमें ढाल सिंह बिसेन का भी नाम है। ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ढाल सिंह बिसने को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद सिवनी स्थित उनके आवास पर भाजपा नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया है और हर कोई ढाल सिंह बिसेन को बधाई दे रहा है।
डॉ. ढालसिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्यप्रदेश के तत्कालीन सिवनी जिले के बरघाट क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय सेवकराम बिसेन और माता स्वर्गीय सोनाबाई बिसेन थीं। उनका परिवार कृषि से जुड़ा था। ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े डॉ. बिसेन ने शिक्षा प्राप्त करने के बाद चिकित्सा संबंधी कार्य और खेती को अपने व्यवसाय का हिस्सा बनाया। उनका विवाह 20 मई 1975 को श्रीमती भानुमती बिसेन से हुआ। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। डॉ. बिसेन ने सिवनी में बीएससी की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने रायपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक कॉलेज से चिकित्सा संबंधी शिक्षा प्राप्त की। उनके लोकसभा के आधिकारिक जीवन परिचय में ए.वी.एम.एस. और डी.एच.बी. जैसी व्यावसायिक योग्यताओं का उल्लेख है। राजनीति में सक्रिय होने के साथ-साथ उनका जुड़ाव कृषि और चिकित्सा संबंधी कार्यों से भी रहा।