दिग्विजय ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर गरीब मुसलमान लड़कों को पैसे देकर पत्थरबाजी कराने का आरोप लगाया। बयान सामने आने के बाद बीजेपी तिलमिला उठी है।
भोपाल. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए एक बयान ने मध्य प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर बढ़ा दी है। हालही में मध्य प्रदेश समेत देश के अलग अलग शहरों में हुई पत्थर बाजी और हिंसा के मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि, यह भारतीय जनता पार्टी थी जो 'पत्थरबाजी करने के लिए गरीबों को काम पर रख रही थी।' दिग्विजय ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर गरीब मुसलमान लड़कों को पैसे देकर पत्थरबाजी कराने का आरोप लगाया। दिग्विजय का बयान सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी तिलमिला उठी है।
दिग्विजय ने आगे भी कहा कि, 'मेरे पास तथ्य नहीं हैं, इसलिए मैं सिर्फ आरोप लगा रहा हूं, लेकिन मैं इन शिकायतों की जांच करूंगा।' दिग्विजय की ओर से ये बयान उस समय सामने आया जब बीते कुछ दिनों में मध्य प्रदेश समेत देश के अलग अलग इलाकों में हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं। फिर भले ही वो मध्य प्रदेश का खरगोन हो, राजस्थान का करौली हो या देश की राजधानी दिल्ली का जहांगीरपुरी हो।
दिग्विजय के बयान पर तिलमिलाई BJP
-कांग्रेस नेताओं को खुश करते हैं दिग्विजय- मंत्री विश्वास सारंग
वहीं कांग्रेस नेता की ओर से भाजपा पर इतना गंभीर आरोप लगाने पर भाजपा खेमा तिलमिला उठा है। बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि भाजपा दंगों को रोकने वाली है, दंगों को बढ़ावा देने वाली नहीं। आप इस तरह के आरोप कैसे लगा सकते हैं जब आप कह रहे हैं कि, आपके पास सबूत नहीं। मंत्री सारंग ने भी पलटवार करते हुए कहा कि, दिग्विजय सिंह अपने नेताओं को खुश करने के लिए ऐसे बयान देते हैं।
-कांग्रेस इस्लाम समर्थक पार्टी बन गई- तुहिन सिन्हा, BJP नेता
बीजेपी के एक अन्य नेता तुहिन सिन्हा ने भी कहा ,कि कांग्रेस इस्लाम समर्थक पार्टी बन गई है और हिंदू समुदाय को बदनाम करने के लिए कुछ भी करेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की टिप्पणी रामनवमी और हनुमान जयंती के मौके पर राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और गुजरात में दो समुदायों के बीच झड़पों के बाद आई है।
रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ तो लोगों में मचा हड़कंप, देखें वीडियो