भोपाल

प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- देश विभाजन के जिम्मेदार थे बापू, दिग्विजय-जिन्ना से भी खतरनाक

मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि, 1947 में महात्मा गांधी (बापू) की भूल की वजह से ही देश का विभाजन हुआ था। दिग्विजय सिंह काम और व्यवहार से जिन्ना से ज्यादा खतरनाक हैं।

2 min read
प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- देश विभाजन के जिम्मेदार थे बापू, दिग्विजय-जिन्ना से भी खतरनाक

भोपाल/ मध्य प्रदेश के प्रोटेम स्पीकर और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अपने बयानों को लेकर अकसर चर्चा में बने रहते हैं। इस बार भी उनके एक विवादित बयान से मध्य प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। रामेश्वर ने कहा कि, 1947 में महात्मा गांधी (बापू) की भूल की वजह से ही देश का विभाजन हुआ था। इस दौरान रामेश्वर ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्वजय सिंह को लेकर भी काफी विवादित बातें कीं। उन्होंने कहा कि, दिग्विजय सिंह काम और व्यवहार से जिन्ना से ज्यादा खतरनाक हैं।


'पहले जिन्ना ने विभाजन किया, अब दिग्विजय विभाजन करना चाहते हैं'

बता दें कि, राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ये विवादित बयान अपने भाषण के दौरान दिया। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को कोसते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक को कोसना शुरु कर दिया। एक तरफ तो रामेश्वर ने देश के विभाजन का जिम्मेदार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को बताया। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि, दिग्विजय और जिन्ना के नाम में गफलत होती है। दिग्विजय सिंह काम और व्यवहार से जिन्ना से ज्यादा खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि, पहले जिन्ना ने देश विभाजन किया। 1947 में बापू से भूल हुई और देश के दो विभाजन हुए। ठीक वैसे ही अब दिग्विजय सिंह भी विभाजन करना चाहता हैं।


पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

ध्यान रहे कि, रामेश्वर शर्मा का ये पहला बयान नहीं है, जो विवादों में आया हो, इससे पहले भी उनके बयानों के कारण वो विवादों में घिरते रहे हैं। इससे पहले भी उनपर ये आरोप लगते रहे हैं कि, वो प्रोटेम स्पीकर की गरिमा भूलकर पार्टी प्रवक्ता की तरह बयान बाजी करने लगते हैं। हाल ही में उन्होंने कांग्रेसियों का मुंह बंद करने के लिए कहा था कि, अगर कांग्रेस पत्थरबाजों का समर्थन करती है, तो फिर इसके लिए उसे खुलकर सामने आना चाहिए और पत्थरबाजी की वारदातों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मध्य प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती, यही वजह है कि सरकार सख्त कानून बनाने पर काम कर रही है।

श्रीराम मंदिर निर्माण निधि के लिए निकाली शोभायात्रा - video

Published on:
11 Jan 2021 12:14 am
Also Read
View All