Weather Report: इस सप्ताह 46 पर पहुंच जाएगा इन जिलों का तापमान, बेहाल कर देगी गर्मी
भोपाल। मध्यप्रदेश के सभी जिलों का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कुछ स्थानों को छोड़कर पूरे प्रदेश में 43 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है। इनमें कई जिले ऐसे हैं जो 46 डिग्री की गर्मी में बेहाल हो रहे हैं। कई इलाकों में लू भी चलने लगी है। मौसम विभाग ने ज्यादा तापमान वाले जिलों को ज्यादा सतर्क रहने की हिदायत दी है।
मध्यप्रदेश के खरगौन में शुक्रवार को तापमान 46 डिग्री को पार कर गया है, जबकि खंडवा में 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में कोई राहत की खबर नहीं है। खजुराहो में भी शनिवार को तापमान 45 पर पहुंच गया है। यही स्थिति लगभग पूरे सप्ताह बनी रहने की संभावना है।
आमतौर पर गर्म रहने वाला निमाड़ क्षेत्र का खरगौन जिले में पारा मध्यप्रदेश में सबसे अधिक होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। यहां कूलर ने भी असर दिखाना कम कर दिया है। मौसम विभाग ने यहां के लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की हिदायद दी ह।
पूरे सप्ताह 43 पर रहेगा भोपाल का पारा
स्थानीय मौसम विभाग की रिपोर्ट में दिए गए पूर्वानुमान के अनुसार अभी गर्मी के तेवर तीखे ही रहने वाले हैं। आने वाले सप्ताह भोपाल का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पर बना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 से नीचे नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 13 और 14 मई को हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लोग उमस से परेशान रहेंगे। इसके अलावा पूरे सप्ताह आसमान साफ रहेगा। लोगों को तीखी धूप के साथ 43 डिग्री का तापमान झेलना पड़ेगा।
37 डिग्री पर पहुंची पहाड़ों की रानी
आमतौर पर ठंडी रहने वाली पहाड़ों की रानी पचमढ़ी में भी पर्यटकों को भी थोड़ी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि यहां का तापमान मध्यप्रदेश में सबसे कम है। यहां का तापमान 37 डिग्री पर बना हुआ है। हालांकि रात को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास होने से आंशिक राहत मिल रही है। पचमढ़ी में भी एक सप्ताह तक तापमान 35 डिग्री के आसपास बना रहने की उम्मीद है।
44 पर पहुंचने वाला है खजुराहो
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में भी गर्मी के तीखे तेवर से पर्यटकों की संख्या कम नजर आ रही है। फिलहाल 42 डिग्री पर तापमान बना हुआ है, जो रविवार से 43 डिग्री की रफ्तार पकड़ लेगा। इसके बाद यहां तापमान 44 डिग्री के पास जाने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है।
यहां चलेगी लू
भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने आज और कल तक खंडवा, खरगौन, होशंगाबाद और श्योपुरकलां जिलों में लू चलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को लू और गर्मी से बचाव के इंतजाम करने की हिदायत दी है।