भोपाल

घर में बैठे बैठे ही 200 मीटर की दूरी तक के हर आने-जाने वाले को देख लेता था ये शख्स, पुलिस को देखते ही हुआ फरार

- खुद को पार्षद पद का दावेदार बताने वाला घर पर खिलवा रहा था जुआ - पूर्व पार्षद पुत्र खुद को अगला पार्षद प्रत्याशी बताते हुए लोगों पर जमाता था धौंस,घर के चारों तरफ लगवा रखे थे कैमरे
2 min read
• •
Jun 07, 2022
bhopal_parshad.png

भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने शहर में लंबे समय से चल रहे एक जुए की फड़ पर दबिश दी है। आरोपी अपने घर पर ही देर रात जुआ खिलवाता था और उसने पुलिस से बचने के लिए घर के चारों तरफ कैमरे लगवा रखे थे जिनसे वह 200 मीटर दूरी से ही किसी भी आने-जाने वाले को आसानी से देख लेता था।

पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए आस पड़ोस के घरों की छतों से जाकर मकान में दबिश दी। पुलिस जिस समय दबिश देने पहुंची उस समय घर पर मौजूद आरोपी की पत्नी ने जमकर हंगामा किया और इस दौरान चार आरोपी मौके से भाग निकले।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम ब्रांच शैलेंद्र चौहान ने बताया कि बड़वाली मस्जिद रोड, जहांगीराबाद इलाके में शिजान अली उर्फ शैजी द्वारा अपने घर में जुआ खिलवाने की सूचना मिल रही थी। रविवार देर रात घेराबंदी कर क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश दी।

गिरफ्तार कर रुपए जब्त किए : पुलिस को मौके पर 7 लोग जुआ खेलते दिखे। पुलिस ने निशातपुरा निवासी शादाब खान उर्फ माया, मोहम्मद उमर, शकील उर्फ भैया और मोहम्मद ताहिर को गिरफ्तार कर 24 हजार 580 रुपए जब्त किए। जबकि जुआ खिलवा रहा शिजान उर्फ शैजी, अरसद उर्फ तोतला, सूफियाना और उवैश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

मां रह चुकी हैं पूर्व पार्षद, जमाता था धौंस
आरोपी शैजी की कई दिग्गज नेताओं और विधायक के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर है। वह खुद को अगला पार्षद प्रत्याशी बताते हुए लोगों पर अपने संबंधों की धौंस बताता है। उसकी मां भी पूर्व में पार्षद रह चुकी हैं। आरोपी अपने एजेंट शादाब उर्फ माया की मदद से घर पर ही जुआ चलवा रहा था। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Must Read-

Published on:
07 Jun 2022 01:03 pm