भोपाल

ट्विशा केस: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती कराया

Giribala Singh- गिरिबाला सिंह को जहां स्वास्थ्य कारणों से भर्ती किया गया है वहीं समर्थ सिंह के पैर में लगी चोट का इलाज कराने अस्पताल में रखा, मां बेटे की कड़ी चौकसी

2 min read
Jun 04, 2026
Former Judge Giribala Singh Health Deteriorates in the Twisha Case
Former Judge Giribala Singh Health Deteriorates in the Twisha Case

Twisha Case- एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें जेल के अस्पताल में ही भर्ती किया गया है। गिरिबाला सिंह को भोपाल सेंट्रल जेल के अस्पताल की बैरक में ही रखा गया है। बेटे समर्थ सिंह को भी जेल के अस्पताल में ही भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। गिरिबाला सिंह को जहां स्वास्थ्य कारणों से भर्ती किया गया है वहीं समर्थ सिंह के पैर में लगी चोट का इलाज कराने अस्पताल में रखा गया है। मां बेटे की जेल में कड़ी चौकसी की जा रही है।

ट्विशा शर्मा डेथ केस में सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह आरोपी हैं। सीबीआई ने 5 दिन की रिमांड खत्म हो जाने के बाद दोनों को 2 जून को भोपाल कोर्ट में पेश किया था। यहां से गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। दोनों आरोपी 2 दिन से भोपाल सेंट्रल जेल में हैं।

जेल अधिकारियों के अनुसार गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह आम कैदियों जैसे रह रहे हैं। उन्हें जेल का ही भोजन दिया जा रहा है। हालांकि अब स्वास्थ्य समस्याएं सामने आई हैं जिसके बाद सास गिरिबाला सिंह को जेल के महिला वार्ड में भर्ती कराया गया है। यहां 3 बेड हैं जिनमें से एक बेड उन्हें दिया गया है।

पूर्व जज गिरिबाला सिंह को बुजुर्ग होने और स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल के वार्ड में बेड उपलब्ध कराया है। उनकी महिला वार्ड के चिकित्सा कक्ष में सख्त निगरानी की जा रही है। वहीं समर्थ सिंह को जेल के खंड ब स्थित अस्पताल के ही मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। इससे पहले पैर में चोट की शिकायत सामने आने के बाद उनका एक्स रे कराया गया।

वीआईपी ट्रीटमेंट का आरोप

इधर जेल जाते ही गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर पर लोगों की तीव्र प्रतिक्रियाएं सामने आ रहीं हैं। चर्चा है कि दोनों रसूखदार आरोपियों को बीमारी के बहाने से वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

समर्थ के वकील ने सीबीआई को घेरा

समर्थ सिंह के वकील एनोश जॉर्ज कोराली ने 2 जून को कोर्ट में बताया था कि पिछली पेशी के दौरान एक मीडियाकर्मी का पैर समर्थ के पैर पर रखा जाने से उसे चोट लगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई ने उसका उचित इलाज नहीं कराया। वकील की शिकायत के बाद जेल पहुंचे समर्थ सिंह को एक्स-रे कराने और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सास गिरिबाला सिंह भी उम्र, सेहत और सुरक्षा कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं।

Updated on:
04 Jun 2026 02:24 pm
Published on:
04 Jun 2026 01:21 pm