भोपाल

राजधानी में श्रद्धांजलि सभा कल, प्रदेश की नदियों में प्रवाहित होंगी अस्थियां

वाजपेयी को अर्पित करेंगे श्रद्धा सुमन
2 min read
• •
Updated: 20 Aug 2018, 8:35 AM IST
अटल
महान व्यक्तित्व के धनी थे भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी: विवेक पाण्डेय

भोपाल. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए 21 अगस्त को मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में अपराह्न चार बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न दलों के नेता, सामाजिक, धार्मिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

सीएम हाउस में रविवार को मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में ये निर्णय किया गया। बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह 22 अगस्त को अस्थिकलश लेकर भोपाल के लिए रवाना होंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म स्थान ग्वालियर में 22 अगस्त को सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्वालियर के फूलबाग मैदान में अपराह्न चार बजे होने वाली सभा में समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हो सकेंगे। वाजपेयी के अस्थिकलश नर्मदा, शिप्रा, बेतवा, ताप्ती, चंबल और सोन नदी समेत सभी प्रमुख नदियों में विसर्जित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नर्मदा में अस्थि कलश विसर्जित करेंगे।

अटल के निधन का राजनीतिक उपयोग कर रही है भाजपा : कांगे्रस
कांगे्रस ने वाजपेयी के नाम का राजनीतिक उपयोग करने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि यह अच्छा नहीं लगता, जो लोग अटल को मुखौटा मानते थे वे आज उनकी महानता की बात कर रहे हैं। अटल के निधन के 24 घंटे भी नहीं बीते और उनके नाम पर राजनीति शुरू हो गई है। ऐसा लगता है कि भाजपा ने पहले से ही प्लान तैयार कर रखा था।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि वाजपेयी जब बीमार थे, तब उनकी सुध किसी ने नहीं ली। अब उनके सिद्धांतों को तिलांजलि देते हुए राजनीति की जा रही है। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी भाजपाई उनके बताए मार्ग पर चलें। स्थानों के नामकरण से कुछ नहीं होगा। भोपाल स्थित एम्स का नाम भी अटल के नाम करने की कोशिश हो रही है। जबकि, इसका ये पहले से ही राजमाता सिंधिया के नाम है।

सीएम हाउस में बनी शाह के दौरे की रणनीति
बैठक में चुनाव की तैयारियों पर खास फोकस रहा। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के संभागीय दौरे, समरसता भोज कराने और चुनावी बैठकों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा की समीक्षा की गई। जनआशीर्वाद यात्रा के समापन पर 25 सितंबर को भोपाल में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के स्वरूप पर भी विचार किया गया।

Published on: