भोपाल

पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहा था ’43 लाख’ की ठगी का गैंग, 29 ATM कार्ड बरामद

Cyber ​​Fraud: एसपी ने बताया कि 8 दिसंबर को विज्ञान नगर निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे परिचित बनकर झांसे में लिया गया और अलग-अलग बैंक खातों में 43.50 लाख ट्रांसफर करवा लिए।

2 min read
Apr 19, 2026
Cyber ​​Fraud (Photo Source - Patrika)

Cyber ​​Fraud: सरहद पार पाकिस्तान से आंतकी गतिविधियों के अलावा साइबर ठगी को भी अंजाम दिया जा रहा है। कोटा की साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 43. 50 लाख की ठगी का खुलासा करते हुए भोपाल से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोटा के सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया, मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद उर्फ आर्यन साथियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह संचालित कर रहा था। उसके तार पाकिस्तान और दुबई तक जुड़े पाए गए।

एसपी ने बताया कि 8 दिसंबर को विज्ञान नगर निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे परिचित बनकर झांसे में लिया गया और अलग-अलग बैंक खातों में 43.50 लाख ट्रांसफर करवा लिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद पाकिस्तान में बैठे सरगना के संपर्क में रहता था।

ये भी पढ़ें

Women Reservation: MP में बुलाया जाएगा विशेष सत्र, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

जब्त उपकरणों से करोड़ों का लेनदेन मिला

अमजद पाकिस्तान से वॉट्सऐप के जरिए निर्देश प्राप्त करता था। गिरोह का तरीका सुनियोजित था। आरोपी राहुल पूर्वी, दीपक पूर्वी और विजय कुमार अपने और परिचितों के नाम से बड़ी संख्या में बैंक खाते खुलवाकर अमजद को उपलब्ध कराते थे। एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम भी सौंपे जाते थे। आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल , लैपटॉप, 29 एटीएम और डेबिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, 10 चेक बुक और 2 लाख नकद बरामद किए। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में करोड़ों का लेन-देन मिला है।

100 से अधिक म्यूल खातों का उपयोग

साइबर थाना सीआइ सतीशचंद चौधरी ने बताया कि ठगी की रकम जमा होने के बाद अमजद एटीएम और चेक के जरिए नकद निकासी करता और फिर सरगना के निर्देश पर अन्य खातों में जमा करवाता था। कुछ राशि दुबई भी ट्रांसफर की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने 100 से अधिक बैंक खातों का उपयोग किया और कई खाते महिलाओं के नाम से भी खुलवाए गए। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की डिटेल के आधार पर पुलिस ने भोपाल से 4 आरोपियों को डिटेन कर गिरफ्तार किया।

एडवोकेट से ठगी

दतिया शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने एक वरिष्ठ एडवोकेट के मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर उनके बैंक खाते से लाखों रुपए साफ कर दिए। जानकारी अनुसार सिजौरा हाउस बुंदेला कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय एडवोकेट मंगल सिंह परमार ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर रिमोट एक्सेस ले लिया।

इसके बाद आरोपियों ने उनके बैंक खाते से कुल 12,56,074 रुपए निकाल लिए। बताया कि ठगी की यह वारदात 15 अप्रैल रात करीब 8:05 बजे से 11:06 बजे के बीच अंजाम दी गई। पीड़ित को इसकी जानकारी दो दिन बाद 17 अप्रैल रात करीब 8:20 बजे लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

लिवर को ‘फैटी’ कर रहा है जंक फूड, ये 5 लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क
Published on:
19 Apr 2026 04:23 pm
Also Read
View All