भोपाल

कोटरा सुल्तनाबाद में होंगे स्वर्ग और नरक के दर्शन

कोटरा सुल्तनाबाद में इस बार स्वर्ग, नरक की थीम के आधार पर झांकी सजाई जाएगी।
2 min read
Sep 27, 2024
Feature image

भोपाल. शहर में नवरात्र के लिए तैयारियां जोर शोर से शुरू हो गई है। इन दिनों शहर में अनेक स्थानों पर माता रानी की झांकियां सजाई जा रही है। कारीगर झांकियों में आकार देने में जुटे हुए हैं। इस बार शहर के कोटरा सुल्तनाबाद में इस बार स्वर्ग, नरक की थीम के आधार पर झांकी सजाई जाएगी। स्वर्ग और नरक के दृश्यों को यहा चित्रित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न देवी देवताओं के दर्शन के साथ माता रानी के दर्शन होंगे।

मां जगतजननी की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र की शुरुआत 3 अक्टूबर से होने जा रही है, नवरात्र 11 अक्टूबर तक चलेंगे। इसके लिए शहर में अनेक स्थानों पर झांकियां तैयार की जा रही है। इसी के तहत कोटरा सुल्तनाबाद में भी इस बार आकर्षक झांकी सजाई जा रही है। इस झांकी को 70 फीसदी से अधिक काम पूरा हो गया है।

बंगाल सहित स्थानीय कारीगर दे रहे आकार

इस झांकी को बंगाल सहित स्थानीय कारीगर आकार दे रहे हैं। जय मां पाताल भैरवी समिति के अध्यक्ष सुदेश पांडे ने बताया कि यह झांकी का 25 वां वर्ष है। इसलिए इस बार खास थीम पर झांकी तैयार की जा रही है। इसमें बंगाल के कलाकार, स्थानीय कारीगर के साथ समिति के जुड़ेवालिंटिंयर तैयार कर रहे हैं। यह झांकी लगभग 25 लाख की लागत से बनकर तैयार हो रही है।

स्वर्ग और नरक का झांकी में होगा वर्णन

इस झांकी में एक ओर स्वर्ग लोक बनाया जाएगा तो दूसरी ओर नरक का द्वार सहित बुरे कर्म करने के बाद वहां मिलने वाली यातनाओं को भी इस झांकी में दर्शाया जाएगा। लगभग एक हजार फीट की गुफा से प्रवेश कर श्रद्धालु झांकी दर्शन के लिए पहुंचेंगे। स्वर्ग और नरक दोनों 500-500 वर्गफीट में बनाए जा रहे हैं। स्वर्ग लोक में सफेद एलईडी लाइटिंग, धुएं के जरिए बादलों का स्वरूप बनाया जाएगा, वहीं नरक में खौलते हुए कढ़ाई का दृश्य सहित यातनाओं के अनेक दृश्यों को दिखाया जाएगा।

बारह ज्योर्तिलिंग सहित माता रानी के दर्शन

इस झांकी में मां भगवती की 16 फीट ऊंची प्रतिमा की झांकी सजाई जाएगी। इसके साथ ही झांकी में 12 ज्योर्तिलिंग, राम दरबार, भगवान शिव, हनुमानजी का विराट स्वरूप सहित अनेक देवी देवताओं के दर्शन यहां होगे। आयोजन स्थल पर मेला भी लगाया जाएगा।

Updated on:
27 Sept 2024 12:04 pm
Published on:
27 Sept 2024 12:04 pm