5 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र में बन रहा है, जिसके चलते 6 सितंबर से भोपाल समेत प्रदेश भर में बारिश होगी.....
भोपाल | लंबे ब्र्क के बाद मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अब 5 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र में बन रहा है। इससे 6 सितंबर से भोपाल समेत प्रदेश भर में अच्छी बारिश होगी। वहीं 6 सितंबर के बाद सूखे से ग्रसित जबलपुर में बारिश होने के आसार कम ही हैं. इसके साथ इंदौर, होशंगाबाद और उज्जैन संभागों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से राजधानी भोपाल में मानसून की रफ्तार फिर धीमी पड़ गई है। इस बार अगस्त में जितना पानी गिरा, उससे ज्यादा तो पिछले साल एक्स्ट्रा ही बरस गया था। इस बार शहर में मानसून भी तय समय 20 जून से 1 हफ्ते पहले 13 जून को भोपाल पहुंच गया था। इसके बावजूद जुलाई में बनी मानसून ब्रेक की स्थिति और अगस्त में धीमी रफ्तार के कारण जुलाई और अगस्त महीने का कोटा भी पूरा नहीं हो सका। शहर में पिछले साल 3 सितंबर तक 47.22 इंच बारिश हो चुकी थी। इस बार शहर में 30.18 इंच बारिश हुई।
हालांकि आज दिन के 11 बजते ही बादलों ने डेरा डाला और काफी देर तक शहर में झमाझम बारिश हुई। वहीं अब मौसम विभाग का कहना है कि 2-3 दिन बाद बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बन रहा है। यह सितंबर का पहला बड़ा सिस्टम होगा। 6 से 8 या 9 सितंबर तक तेज बारिश का एक दौर आ सकता है।
जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, संभाग, रीवा, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। आने वाले 2 से 3 दिनों बाद बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है।
इस सिस्टम के ज्यादा सक्रिय होने की संभावना है। यह सितंबर का सबसे बड़ा सिस्टम बताया जा रहा है. सिस्टम के सक्रिय होने से 6 सितंबर से 9 सितंबर तक यानी 3 से 4 दिनों तक लगातार तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में विभाग ने यैलो अलर्ट भी जारी किया है।
कई इलाकों में बरसे बादल
अरब सागर में बने स्ट्रांग सिस्टम के कारण इंदौर, होशंगाबाद और उज्जैन में अच्छी बारिश हुई. बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर में 4.5 इंच, खंडवा 2 इंच, रतलाम, धार, खरगोन, गुना, उज्जैन, होशंगाबाद, भोपाल, पचमढ़ी, श्योपुरकलां, ग्वालियर, बैतूल, राजगढ़, उमरिया और मलाजखंड में भी बादल बरसे हैं. अब बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम से 6 सितंबर से बारिश होने की आशंका है.
9 सितंबर के बाद तीन दिन नहीं बरसेगा पानी
मौसम विभाग द्वारा बताया कि मानसून सक्रियता के कारण 6 सितंबर से 9 सितंबर तक चार संभागों में जमकर पानी बरसेगा लेकिन 9 के बाद अगले तीन दिनों तक राज्य में बारिश नहीं होगी. हालांकि इस बार सूखा ग्रस्त रहे जबलपुर में इस दौरान भी कम ही बारिश की आशंका जताई गई है।