
Twisha Sharma Case (लैपटॉप का पासवर्ड देने को तैयार हुआ समर्थ Photo Source- Patrika)
Twisha Case :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में हुई एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को जिला कोर्ट में लैपटॉप का पासवर्ड और वॉयस सैंपल समेत दोनों आवेदनों को लेकर सुनवाई पूरी हो गई है। इस दौरान आरोपी समर्थ सिंह और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की तरफ से बचाव पक्ष ने सीबीआई की जांच से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष रखा गया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश 6 जुलाई तक सुरक्षित रख लिया है।
सीबीआई ने जांच आगे बढ़ाने के लिए समर्थ सिंह के लैपटॉप का पासवर्ड की मांग कराने और उनका वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगी थी। शुक्रवार को बचाव पक्ष ने लैपटॉप का पासवर्ड देने पर कोई आपत्ति नहीं की है। वहीं, वॉयस सैंपल को लेकर उन्होंने यह मांग रखी कि इसकी एक कॉपी सुरक्षित रूप से कोर्ट में भी रखी जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
सुनवाई के दौरान कोर्ट में सीबीआई ने बताया कि, मामले से जुड़े डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के लिए लैपटॉप का पासवर्ड और वॉयस सैंपल जरूरी हैं। अब अदालत के आदेश के बाद ही सीबीआई आगे की जांच की प्रक्रिया पूरी करेगी। मामले में सीबीआई पहले ही समर्थ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। 6 जुलाई को आने वाले कोर्ट के आदेश के बाद जांच आगे जारी रहेगी।
वहीं, एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस कमिश्नर की फटकार के बाद टीम गठित की गई। इस टीम में कटारा हिल्स थाने के अलावा बागसेवनिया, मिसरोद के पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। टीम का प्रभारी कटारा हिल्स थाना प्रभारी को बनाया गया है। सूत्रों की माने तो गुना के पारदी गिरोह ने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल, इस मामले में अभी कोई खास अपडेट सामने नहीं आ सका है।
Updated on:
04 Jul 2026 10:41 am
Published on:
04 Jul 2026 10:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
