
RGPV Bhopal (RGPV में 3 इडियट्स स्टाइल में चोरी Photo Source Patrika)
Bhopal News : बॉलीवुड फिल्म 3 इडियट्स में दिखाई गई प्रश्नपत्र चोरी की कहानी शुक्रवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के यूटीडी कैंपस में हकीकत बन गई है। यहां परीक्षा शुरू होने से चंद मिनट पहले पता चला कि, अलमारी में रखे प्रश्नपत्र चोरी हो चुके हैं। घटना के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यूटीडी की परीक्षा शाखा में स्कूल ऑफ बायोमॉलिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी विभाग में रखे 9 विषयों के प्रश्नपत्रों के बंडल गायब मिले। इनमें आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी शामिल बताए जा रहे हैं।
शुक्रवार को चतुर्थ सेमेस्टर एआइएमएल और स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा होना थी। छात्र परीक्षा केंद्र तक पहुंच चुके थे, लेकिन अंतिम समय पर उन्हें बताया गया कि, प्रश्नपत्र चोरी हो जाने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई है। इस मामले में गांधी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रों ने बताया कि, 1 जुलाई को होने वाली परीक्षा भी विवि ने अंतिम समय पर निरस्त कर दी थी, जिसकी सूचना मोबाइल पर भेजी गई थी। यूटीडी में करीब 300 छात्रों की परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं। एबीवीपी के आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब छात्र और अभिभावक विवि की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर गोपनीय प्रश्नपत्र रखे जाते थे, वहां पर्याह्रश्वत सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों का अभाव सामने आया है। इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। परीक्षा शाखा में एक दर्जन से अधिक अलमारियां थीं, लेकिन केवल एक अलमारी खुली मिली और उसी से प्रश्नपत्र गायब पाए गए। खास बात यह रही कि अलमारी का ताला टूटा नहीं था। वहीं कमरे में केवल रोशनदान की एक खिड़की टूटी मिली, जबकि अन्य दरवाजों और तालों पर किसी प्रकार की छेड़छाड़ के निशान नहीं मिले। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी रोशनदान के रास्ते अंदर पहुंचे और पेपर चोरी कर ले गए।
घटना सामने आते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी का आरोप है कि यह केवल चोरी नहीं बल्कि परीक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है। परिषद ने यूटीडी के एग्जाम कंट्रोलर को तत्काल सस्पेंड करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
Updated on:
04 Jul 2026 09:50 am
Published on:
04 Jul 2026 09:50 am
