
भोपाल। हाउसिंग फॉर ऑल के तहत एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी के साथ ही नॉन स्लम ईडब्ल्यूएस मकानों की बुकिंग करने वालों के साथ इन्हें खरीदने की ईच्छा रखने वालों को अब मकान फ्री होल्ड मिलेंगे। इसके निर्माण के शुरुआत में मकानों को फ्री होल्ड नहीं किया गया था। इसे लेकर निगम की ओर से आवंटियों को पत्र लिखा गया था, लेकिन अब शासन से अनुमति लेकर फ्री होल्ड वाले पत्र दिए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत शहर में करीब 30 हजार आवास बनने हैं और दस हजार के करीब आवासों का विक्रय नॉन स्लम लोगों को होना है। इन्हें इसका पूरा लाभ मिलेगा। अब तब शासन के नियमों के अनुसार हाउसिंग बोर्ड से लेकर बीडीए और इसी तरह की एजेंसियों से लिए आवासों में लीज रेंट होता है। आवास खरीदने वाले इन आवासों को लेकर पूरी तरह स्वतंत्र नहीं होते, लेकिन हाउसिंग फॉर ऑल में इसे लेकर राहत मिलेगी। हाल में माता मंदिर के पास निर्माणाधीन आवासों के आवंटियों ने निगम मुख्यालय जाकर अपनी बात रखी थी। यहां से इन्हें फ्री होल्ड वाले लेटर की बात भी कही गई थी।
निर्माण की गति बढ़े तो मिले पूरा लाभ
इस समय हाउस फॉर ऑल बेहद धीमी गति से चल रहा है। शहर में कुछ प्रोजेक्ट्स को छोड़ दें तो बाकी में निर्माण गति 30 से 40 फीसदी के बीच ही है। 12 नंबर पर ये सबसे कम है। ऐसे में लोगों को इन प्रोजेक्ट्स का पूरा लाभ दिलाने गति बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए निर्माण करने वाली ठेका एजेंसी व कंसलटेंट पर जिम्मा डालना जरूरी है। 12 नंबर पर ओमनी कंपनी काम कर रही है और अफसरों के लगातार निर्देश के बावजूद निर्माण गति और सुरक्षा की स्थिति दुरूस्त नहीं की जा रही।
कोट्स
फ्री होल्ड को लेकर पत्र दिए जा रहे हैं। हमने आवासों को फ्री होल्ड किया है और इससे खरीदारों को लाभ होगा। आवास विक्रय में भी बेहतरी होगी।
- सीपी गोहल, अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल