भोपाल

ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों जानें गईं, सरकार झूठ बोल रही है : कमलनाथ

ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों जानें गईं, सरकार झूठ बोल रही है : कमलनाथ - कांग्रेस का सरकार पर बड़ा हमला  
2 min read
• •
Updated: 22 Jul 2021, 12:45 PM IST
kamalnath-.jpg

भोपाल : ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत न होने के सरकार के दावे पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में हमने भोपाल , इंदौर , जबलपुर , ग्वालियर , उज्जैन , सागर , खंडवा , शहडोल , मुरैना , छतरपुर समेत कई जिलों में बड़ी संख्या में लोगों को ऑक्सीजन के कमी से दम तोड़ते देखा है। ऑक्सीजन के सिलेंडर लिए लोग दर-दर भटकते रहे हैं, ऑक्सीजन की कमी से अस्पतालों में हाहाकर मचते देखा है। कमलनाथ ने कहा कि कई जिलों में अस्पतालों ने ऑक्सीजन की कमी के बोर्ड लगाकर मरीजों को भर्ती करने से तक से मना कर दिया था। अस्पताल में भर्ती मरीजों से लिखवाया गया था कि ऑक्सीजन की कमी से होने वाली जनहानि के लिये वो ही जिम्मेदार होंगे। कमलनाथ ने कहा कि हमने ख़ुद कई जिलों के लिये ऑक्सीजन की व्यवस्था की है , सरकार ख़ुद इन मौतों के बाद जागी और प्रदेश भर के अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की घोषणाएं की गई जो कि अभी भी अधूरी हैं।

उन्होने कहा कि शिवराज सरकार बड़ी ही बेशर्मी से कह रही है कि ऑक्सीजन की कमी से प्रदेश में कोई मौत नही हुई ,प्रदेश में ऑक्सीजन की कोई कमी ही नही थी, यह तो पीडि़त परिवारों के साथ मजाक है। उस समय तो कहते थे कि हम रात-दिन जागकर ऑक्सीजन की व्यवस्था में लगे रहे। आखिर सरकार सच्चाई से क्यों भाग रही है , क्यों नही स्वीकार रही है कि उसके कुप्रबंधन से , ऑक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में लोगों की जानें गईं। कमलनाथ ने कहा कि जब मैंने कोरोना से हुई मौतों के वास्तविक अंाकड़े जारी किए, सरकार के झूठ की पोल खोली तो मेरे खिलाफ एफआईआर तक दर्ज करवा दी। हर पीडि़त परिवार ने ऑक्सीजन के इस भीषण संकट को भुगता है , मैं और कांग्रेस उन परिवारों के साथ खड़ी थी , खड़ी है और खड़ी रहेगी। यह सच है कि जिन लोगों ने अपनों को खोया है वो इस झूठी , निष्ठुर सरकार को कभी माफ नही करेंगे।

Published on: