भोपाल

500 करोड़ के कारोबार का भंडाफोड़, एक्शन में आए आयकर विभाग

MP ELECTION 2018 : करोड़ों के कारोबार का भंडाफोड़, आयोग के निर्देशों के बाद एक्शन में आए आयकर विभाग
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2018, 10:11 AM IST
news
500 करोड़ के कारोबार का भंडाफोड़, एक्शन में आए आयकर विभाग

भोपाल. चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद एक्शन मोड में आए आयकर विभाग ने जबलपुर में 500 करोड़ रुपए के हवाला कारोबार का भंडाफोड़ किया है। फिलहाल अधिकारियों ने संबंधित व्यापारी के नाम का खुलासा नहीं किया है। उसके सभी ठिकानों की जांच की जा रही है। इसमें 60 लाख रुपए नकद भी मिले हैं। यह जांच की जा रही है कि यह धन चुनाव में तो खपाने के लिए तो नहीं था।

आयकर अफसरों के मुताबिक, 15 दिन पहले नकदी के साथ पकड़े गए स्टेशनरी का कारोबार करने वाले इस कारोबारी के पास कुछ डायरी मिलीं थी। जब इसकी जांच की गई तो करोड़ों रुपए इधर-से-उधर करने का खुलासा हुआ। कारोबारी फर्जी तरीके से माल की खरीदी-बिक्री के बिल भी लगा रहा था। जांच शुरू होते ही वह गायब हो गया है।

कालेधन पर विभाग चला रहा मुहिम

कालेधन को लेकर विभाग की मुहिम के बीच जबलपुर में 500 करोड़ रुपए का हवाला कारोबार होना सामने आया है। इसके अतिरिक्त 17 ठिकानों पर चल रही कार्रवाई में भी करोड़ों की अघोषित आय उजागर हुई है।
- पतंजलि झा, प्रधान आयकर निदेशक (जांच), आयकर विभाग

इतनी राशि की सीज

छतरपुर - 84 लाख
पन्ना - 32 लाख
नीमच - 47.5 लाख
इंदौर - 55.5 लाख
जबलपुर - 89 लाख
रतलाम - 47 लाख
बालाघाट - 10 लाख
मुरैना - 73 लाख
ग्वालियर - 71 लाख
गुना - 10.8 लाख

3 दिन में 13 करोड़ रुपए से ज्यादा की अघोषित आय मिली

इधर, दिवाली के दूसरे दिन से भोपाल, इंदौर और जबलपुर आदि शहरों में कुल 17 ठिकानों पर चल रही जांच में व्यापारियों ने 13 करोड़ रुपए की अघोषित आय स्वीकार की है। इसी तरह गुना में 1.20 करोड़ रुपए की ज्वेलरी पकड़ाई है।

हालांकि विभाग इसकी जांच कर रहा है। कालेधन की आशंका में कारोबारियों के घर, दुकान, ऑफिस, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और वाहनों की जांच की जा रही है। इसमें 10 लाख रुपए से ऊपर नकद राशि ज्वेलरी होने पर पुलिस मामले को आयकर विभाग के सुपुर्द कर रही है।

Published on: