Women's Day से एक दिन पहले इंदौर शहर में साड़ी पहनकर 25 हजार महिलाएं करेंगी वॉकथॉन,बनाएंगी नया रिकॉर्ड
इंदौर में पहली बार साड़ी वॉकाथॉन (walkathon) का आयोजन होने जा रहा है।जिसमें एक-दो हजार नहीं बल्कि 25 हजार महिलाएं साड़ी पहनकर चलने वाली हैं।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर परंपरागत साड़ी परिधान को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के साथ मध्य प्रदेश शासन महिला दिवस से पहले साड़ी के पहनावे को प्रमोट करने के लिए पूरे देश में तरह तरह के आयोजन कर रहा है जिसमें इंदौर में होने वाली साड़ी वॉकथॉन भी एक है।
नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन
शहर भर से 25 हजार महिलाओं को साड़ी पहनकर नेहरू स्टेडियम में आमंत्रित किया गया है। शहर की तमाम महिलाएं न केवल तरह-तरह की साड़ियां बल्कि अलग-अलग पहनावे के साथ भी वॉक करती नजर आएंगी। इस दौरान न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश के अन्य राज्यों की साड़ियों को प्रदर्शित भी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के महेश्वर की चर्चित साड़ी महेश्वरी साड़ी का भी प्रमोशन होगा, तो वहीं चंदेरी साड़ी के भी स्टॉल लगाए जाएंगे।इसके अलावा झाबुआ की मंडाना कला पर आधारित डिजाइन और साड़ियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इंदौर में जैसे ही 25 हजार महिलाएं एक साथ साड़ी पहनकर वॉकथान करेंगी ये एक नया रिकॉर्ड बन जाएगा। इससे पहले पुणे में 15 हजार महिलाएं, सूरत में 10 हजार महिलाएं और जबलपुर में 5 हजार महिलाएं साड़ी पहनकर वॉकाथॉन कर चुकी हैं।