Jitu Patwari- जीतू पटवारी ने कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह राजेंद्र शुक्ल की बर्खास्तगी की मांग की
Jitu Patwari- मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की बीजेपी सरकार के तीन मंत्रियों को अपराधी करार दिया। उन्होंने केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह और राजेंद्र शुक्ल की बर्खास्तगी की मांग की। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि कर्ज लेने के मामले में यह सरकार शिवराज सिंह की सरकार से आगे निकल गई है। प्रदेश सरकार रोज़ करीब 213 करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार अब सिर्फ एक हजार दिनों की ही मेहमान है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी Jitu Patwari ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को किसान विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में यह डील की गई है।
एमपी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी Jitu Patwari ने बुधवार को प्रेस वार्ता ली। उन्होंने राज्य और केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा। जीतू पटवारी ने राज्य के तीन मंत्रियों को अपराधी बताते हुए कहा कि इन्हें तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने केबिनेट मंत्री विजय शाह को देश की सेना का अपमान करने वाला बताया जबकि वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर में जहरीले पानी से हुई 32 मौतों का जिम्मेदार बताया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को भी छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप से 26 बच्चों की मौतों का जिम्मेदार बताते हुए इस्तीफा मांगा।
जीतू पटवारी ने कहा कि मंत्री विजय शाह के संबंध में देश की शीर्ष कोर्ट ने कहा है कि वे मंत्री पद पर रहने योग्य नहीं हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री सीएम यादव से तीनों मंत्रियों से इस्तीफा लेने की मांग की।
जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर कर्ज लेने के लिए बजट का आकार जानबूझकर बड़ा रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में शिवराज सरकार को भी पीछे छोड़ दिया है। राज्य सरकार रोज़ करीब 213 करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को देश के किसानों के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति की शर्तों के आगे झुक गई है। जीतू पटवारी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कह दिया था कि ट्रंप के दबाव में ट्रेड डील होगी। आज वही बात सही साबित हुई।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि डील के बाद अमेरिकी उत्पाद भारत में सस्ती दरों पर मिलेंगे जबकि भारतीय उत्पादों पर अमेरिका ज्यादा टैरिफ लगाएगा। उन्होंने डील को किसानों के लिए अहितकारी निरूपित करते हुए इसके विरोध में कांग्रेस द्वारा आंदोलन करने की बात कही।