भोपाल

किसानों के भारत बंद को कांग्रेस का समर्थन, गृहमंत्री ने साधा निशाना

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की भारत बंद में शामिल होने की अपील...।
2 min read
Dec 07, 2020
bharat_bandh.png
kisan andolan

भोपाल। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। आंदोलन के साथ ही 8 दिसंबर को किसानों ने भारत बंद का आव्हान किया है। इसे मध्यप्रदेश कांग्रेस समेत अन्य संगठनों ने भी समर्थन दिया है। कांग्रेस का कहना है कि वो किसानों के साथ है। कांग्रेस के समर्थन देने पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने सोमवार को कांग्रेस पर हमला बोला है। मिश्र ने कहा है कि हर अच्छी शुरुआत का विरोध करने वाली कांग्रेस ने जिस तरह सीएए पर लोगों को बरगलाया, उसी तरह किसानों को भी बरगला रही है।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र का बयान भारत बंद के आव्हान के एक दिन पहले आया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी किसानों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने कहा कि कल भी भारत भवन के आव्हान है। देखना किसान कितने हैं और कांग्रेसी कितने हैं। बरगलाने का काम यह प्रारंभ से ही कर रहे हैं। जो भी अच्छी शुरुआत होगी यह विरोध करेंगे। सीएए पर कह रहे थे कि तीन पीढ़ियों के कागज दिखाने पड़ेंगे, नहीं तो पाकिस्तान भगा देंगे। किसी को कागज नहीं दिखाना पड़े। मैं कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि यह कानून गलत है, तो आप भी तो इतने सालों से सरकार चला रहे थे। आपका किसान अच्छा था तो किसान आत्महत्या क्यों कर रहे थे। मोदीजी ऐसा कानून लाए हैं जिससे किसान की जिंदगी बदल जाएगी। अभी तक किसान कर्ज में पैदा होता था, किसान कर्ज में जीता था और किसान कर्ज में ही मर जाता था। तो ऐसी स्थिति को बदलने के लिए यह कानून है। इसमें भी वो लोग शामिल हैं जो सीएए के विरोध में थे।

दिग्विजय ने भी किया आव्हान

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी 8 दिसंबर को प्रस्तावित भारत बंद में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Published on:
07 Dec 2020 01:17 pm