भोपाल

राष्ट्रपति प्रवास के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा दावों की खुली पोल, जानिये कैसे?

पिछले 24 घंटे के अंदर शहर के अलग-अलग इलाकों में लुटेरों ने चार लूट को अंजाम दिया। अकेले शुक्रवार को तीन वारदात हुईं।

2 min read
Nov 11, 2017
loot in bhopal

भोपाल। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के भोपाल आगमन को लेकर राजधानी पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दावों की लुटेरों ने हवा निकाल दी। पिछले 24 घंटे के अंदर शहर के अलग-अलग इलाकों में लुटेरों ने चार लूट को अंजाम दिया। अकेले शुक्रवार को तीन वारदात हुईं। मिसरोद इलाके में ब्यूटीशियन का सरेराह पैदल आया लुटेरा पर्स छीनकर भाग गया। पुलिस महज एफआईआर दर्ज कर अपना फर्ज निभाती रही। पुलिस के हाथ एक भी लुटेरा नहीं लगा।

लूट-1:
मूलत: नागालैंड निवासी करीब 28 वर्षीय अतुंगला मिसरोद इलाके के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित स्पॉ सेंटर में काम करती हैं। वह चिनार फॉच्र्यून सिटी कॉलोनी में गल्र्स हॉस्टल में अपनी सहेली कलिका के साथ रहती हैं। शुक्रवार रात करीब दस बजे अतुंगला सहेली के साथ स्पॉ सेंटर से पैदल ही हास्टल आ रही थीं।

कॉलोनी के गेट के पास पहुंची ही थी कि इसी बीच उनके पीछे चल रहे दो बदमाशों में एक ने उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में 500 रुपए व दो मोबाइल फोन थे।

लूट-2:
20 वर्षीय खुशबु राजपूत, एमपी नगर स्थित निजी फायनेंसियल कंपनी से काम कर शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर जा रही थीं। नेशनल अस्पताल के पास की गली के पास एक बदमाश आया और उसके हाथ से पर्स छीनकर भाग गया। पर्स में दस हजार रुपए नकदी, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान रखा था।

लूट-3:
अशोका गार्डन इलाके में भी शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे पैदल जा रही महिला सायना का पर्स छीनकर बदमाश फरार हो गया। पर्स में दो सौ रुपए समेत मोबाइल व अन्य दस्तावेज रखे हुए थे।

लूट-4:
मूलत: टीकमगढ़ निवासी २३ वर्षीय प्राची शर्मा पद्मनाभ नगर ऐशबाग कॉलोनी में किराए से रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। गुरुवार शाम एमपी आन लॉइन कियोस्क से पटवारी चयन परीक्षा का फार्म भरकर लौट रही थी। घर के सामने पीछे से आए बाइक सवार ने उसका पर्स झपट लिया। पर्स में ४०० रुपए नकदी, मोबाइल समेत अन्य दस्तावेज रखे हुए थे।

इधर, तीन महिलाएं गिरफ्तार
वहीं एक अन्य मामले में एकांत पार्क के पास से पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा कि तीनों महिलाएं चोरी की साजिश रच रही थीं, इसी बीच इलाके में गश्त मैत्री पुलिस की नजर उन पर पड़ गई। महिलाओं की तलाशी लेने पर उनके पास आरी-पेचकस मिला।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नेहा चौधरी पिता हल्के वीर (30) निवासी शिलारी थाना उदयपुरा जिला रायसेन वर्तमान नारियल खेड़ा, सीमा मालवीय पति दिनेश मालवीय (35) निवासी वर्तमान कटारा हिल्स झुग्गी, स्थाई पता नदी चौराहा जिला सीहोर व फूलबाई पति गोपीलाल मीणा (45) निवासी चिचली बैरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना कि तीनों महिलाएं इससे पूर्व 151 के तहत गिरफ्तार भी हो चुकी हैं।

Published on:
11 Nov 2017 10:49 am