
भोपाल। दो साल की सजा के बाद सदस्यता खो चुके भाजपा के पवई विधायक प्रहलाद लोधी ने कहा है कि वे 17 दिसंबर से शुरू होने जा रहे विधानसभा के सत्र की कार्यवाही में जरूर शामिल होंगे। लोधी ने कहा कि अगर उन्हें प्रवेश करने से रोका गया तो वे जबरदस्ती अंदर जाएंगे और सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे। मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे लोधी ने मीडिया से कहा कि वे विधानसभा के सदस्य हैं, और आगे भी रहेंगे।
लोधी ने कहा कि उनकी सजा पर हाईकोर्ट ने स्टे दे दिया है, ऐसे में कांग्रेस कुछ भी कहती रहे उनकी सदस्यता पर कोई असर नहीं पड़ता है। लोधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भले ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई हो, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि फैसला उनके ही पक्ष में आएगा। विधानसभा में मार्शल के द्वारा रोकने के सवाल के जवाब में लोधी ने कहा कि भाजपा के सभी विधायक एक साथ विधानसभा में प्रवेश करेंगे। अब जो होगा वह उसी समय देखा जाएगा।