
भोपाल : कांग्रेस ने प्रदेश में लोकसभा चुनाव के ऐन पहले पिछड़ा वर्ग का आरक्षण बढ़ाकर ओबीसी कार्ड चला था। ओबीसी का प्रदेश में आरक्षण १४ फीसदी से बढ़ाकर २७ फीसदी कर दिया गया। आरक्षण के बाद इसका असर कांग्रेस की टिकटों में भी नजर आया। कांग्रेस ने आधी सीटों पर ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार बनाए हैं। प्रदेश में लोकसभा की २९ सीटें हैं जिनमें से १० अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
सामन्य वर्ग की १९ सीटों में से कांग्रेस के ९ उम्मीदवार पिछड़ा वर्ग से आते हैं। ये उम्मीदवार फायदा उठाने के लिए इस फैक्टर का चुनाव प्रचार में भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं भाजपा ने पिछड़ा वर्ग से सिर्फ एक तिहाई उम्मीदवारों को मौका दिया है। भाजपा ने सामान्य वर्ग की १९ सीटों में से पिछड़े वर्ग के नेताओं को सिर्फ छह टिकट दिए हैं। प्रदेश में ओबीसी की आबादी ५२ फीसदी मानी जाती है।
- ये हैं कांग्रेस के ओबीसी उम्मीदवार :
- अरुण यादव - खंडवा
- रामनिवास रावत - मुरैना
- प्रभुसिंह ठाकुर - सागर
- प्रताप सिंह लोधी - दमोह
- शैलेंद्र पटेल - विदिशा
- मधु भगत - बालाघाट
- शैलेंद्र दीवान - होशंगाबाद
- मोना सुस्तानी - राजगढ़
ये हैं भाजपा के ओबीसी उम्मीदवार :
- डॉ केपी यादव - गुना
- प्रहलाद पटेल - दमोह
- राजबहादुर सिंह - सागर
- गणेश सिंह - सतना
- ढालसिंह बिसेन - बालाघाट
- रोडमल नागर - राजगढ़
भाजपा में ब्राह्मण ज्यादा :
भाजपा ने पांच ब्राह्मण नेताओं को टिकट दिया है तो कांग्रेस ने चार ब्राह्मण उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा ने वीडी शर्मा-खजुराहो, रीति पाठक-सीधी, जनार्दन मिश्रा - रीवा, विवेक शेजवलकर-ग्वालियर और रमाकांत भार्गव-विदिशा से उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने सतना - राजाराम त्रिपाठी, रीवा - सिद्धार्थ तिवारी, जबलपुर से विवेक तन्खा और मंदसौर से मीनाक्षी नटराजन को टिकट दिया है।
कांग्रेस-भाजपा में ठाकुर बराबर :
कांग्रेस और भाजपा ने ४-४ ठाकुरों को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने नरेंद्र सिहं तोमर - ग्वालियर, प्रज्ञा सिंह - भोपाल, नंदकुमार सिंह चौहान - खंडवा और राकेश सिंह - जबलपुर को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह - भोपाल, अजय सिंह- सीधी, कविता सिंह - खजुराहो और अशोक सिंह - ग्वालियर को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस में ज्यादा महिला उम्मीदवार,भाजपा कंजूस :
कांग्रेस महिला उम्मीदवारों के मामले में भाजपा से आगे है। कांग्रेस ने पांच महिला उम्मीदवार बनाए हैं तो भाजपा ने सिर्फ चार को ही टिकट दिया है। कांग्रेस ने प्रमिला सिंह - शहडोल, मोना सुस्तानी - राजगढ़, किरन अहिरवार - टीकमगढ़, मीनाक्षी नटराजन - मंदसौर और कविता सिंह - खुजुराहो शामिल हैं। भाजपा ने हिमाद्री सिंह - शहडोल, संध्या राय - भिंड, प्रज्ञा ठाकुर - भोपाल और रीति पाठक - सीधी को टिकट दिया है।