
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और उतरी हवा का रुख दक्षिणी होने के बाद मैदानी राज्यों में भी ठंड बढ़ जाती है। अभी तक ज्यादा ठंड शुरू भी नहीं हो पाई है। जल्द ही उत्तर भारत में बर्फ गिरेगी और मध्यप्रदेश राज्य में ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के बाद से ठंड बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।
दिसंबर का एक पखवाड़ा बीतने को हैं, लेकिन इस बार कड़ाके की सर्दी का दौर अभी शुरू नहीं हो पाया है। पिछले दो तीन दिनों से न्यूनतम तापमान में जरूर थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आ रही है। अगले दो तीन दिन भी न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है, फिलहाल मौसम इसी तरह बना रहेगा। दिसंबर की शुरुआत से ही लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इसके कारण बादलों की स्थिति बन रही है। इस समय उत्तर भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में मंगलवार को शहर में दोपहर बाद हल्के बादल दिखाई दिए। सुबह धुंध रही और 8 बजे तक विजिबिलिटी 2 हजार मीटर के आसपास रही। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 12.4 डिग्री दर्ज किया गया।
अब तक एक बार भी 10 डिग्री तक नहीं पारा
दिसंबर के पहले पखवाड़े में आमतौर पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार एक बार भी अब तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक नहीं पहुंचा है। 11 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री पर पहुंचा था, जो इस सीजन में सबसे कम था। इसका कारण यह भी रहा कि उत्तरी सर्द हवा नहीं आ रही है, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट नहीं हो रही है।
अभी तापमान इसी तरह रहने की संभावना मौसम विज्ञानी प्रकाश धंवले ने बताया कि इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मौसम अगले दो तीन दिन इसी तरह रहने की संभावना है। दोपहर बाद आंशिक बादलों की स्थिति भी दिखाई दे सकती है। अगले दो तीन दिन मौसम ऐसे ही रहेगा। 16 से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है।