भोपाल

अब एमपी होगा कृषि में नंबर-1, सीएम मोहन यादव ने लिया भविष्य पर बड़ा फैसला

CM Mohan Yadav Order : सीएम मोहन यादव ने कहा- प्रदेशभर के स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकतर छात्र खेती-बाड़ी की पृष्ठभूमि के परिवारों से हैं। ऐसे में इन विषयों पर पढ़ाई शुरु होने से छात्रों का स्कूलों और पढ़ाई से और अधिक जुड़ाव होगा और अध्ययन-अध्यापन परिवार के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकेगा।

2 min read

CM Mohan Yadav Order for MP agriculture : मध्य प्रदेश अब जल्दी ही कृषि के क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ने वाला राज्य बनने जा रहा है। इसका कारण है कि प्रदेश में जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले छात्रों को हार्टिकल्चर, डेयरी और पशुपालन से जुड़े विषय पढ़ाए जाएंगे। इसका फैसला मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लिया है। सीएम ने कहा है कि हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की क्लासों में कृषि, हॉर्टिकल्चर, मत्स्य पालन, डेयरी, पशुपालन आदि विषयों की पढ़ाई शुरु हो।

सीएम मोहन ने कहा कि प्रदेशभर के स्कूलों में पढ़ने वाले ज्यादातर छात्र खेती-बाड़ी की पृष्ठभूमि वाले परिवारों से आते हैं। ऐसे में इन विषयों पर पढ़ाई शुरु होने से छात्रों का स्कूलों और पढ़ाई से और अधिक जुड़ाव होगा और अध्ययन-अध्यापन परिवार के लिए अधिक उपयोगी बन सकेगा।

सीएम राइज स्कूलों से शुरुआत

सीएम राइज स्कूलों में इन विषयों की पढ़ाई प्राथमिकता पर आरंभ की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन कक्षाओं में संकाय व्यवस्था के स्थान पर छात्रों को अपनी रुचि और प्राथमिकता के आधार पर विषय चुनने की व्यवस्था भी की जाए। ये व्यवस्था उच्च शिक्षा में लागू हो चुकी है, स्कूल स्तर पर ये व्यवस्था क्रियान्वित करने के लिए शिक्षाविदों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्था तथा विषय-विशेषज्ञों की टास्क फोर्स गठित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में सी.एम. राइज स्कूलों के संचालन की बैठक में उक्त निर्देश दिए। जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव वीरा राणा सहित अधिकारी उपस्थित थे।

हर विकासखंड में एक आई.टी.आई स्थापित हो

मुख्यमंत्री यादव के अनुसार, जनजातीय इलाकों के साथ साथ ग्रामीण अंचल में प्राथमिकता के आधार पर सी.एम. राइज स्कूल शुरु हों और इन स्कूलों में शिक्षकों और स्टाफ के लिए जरूरी तौर पर आवास भी हों। इस संबंध में भारत सरकार से भी मदद लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक विकासखंड में एक आई.टी.आई. स्थापित करने की दिशा में प्रयास हों, जिन विकासखंडों में आई.टी.आई. नहीं है, वहां निजी इलाकों की पहल से सुविधा उपलब्ध कराने की रणनीति बनाई जाए। आगामी इंडस्ट्रियल समिट में भी इस दिशा में इच्छुक निवेशकों से चर्चा की जाए।

सी.एम. राइज स्कूलों की परिवहन ई-व्हीकल्स से करने के निर्देश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सी.एम. राइज स्कूलों की परिवहन व्यवस्था में ई-व्हीकल्स का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाए। नगरीयनिकायों में बने सी.एम. राइज स्कूलों के विद्यार्थियों के आवागमन के लिए नगरीय निकाय की नगर वाहन सेवा के अंतर्गत चल रहे वाहनों का भी उपयोग किया जाए। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और सुविधाजनक विद्यालय आवागमन के लिए वाहनों के रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवीन विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए भूमि के चिन्हांकन का कार्य परस्पर विभागीय समन्वय से समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। प्रकरणों में विलंब होने की स्थिति में उनका निराकरण राज्य स्तर से कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि स्कूलों के आसपास कोई अतिक्रमण न हो।

अगस्त तक बनेंगे 21 नए स्कूल भवन

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रथम चरण में बनने वाले 274 सी.एम. राइज स्कूलों में 21 विद्यालयों का भवन निर्माण अगस्त माह तक पूर्ण होगा। शेष विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। बैठक में नि:शुल्क परिवहन सेवा, आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, अधोसंरचना विकास, शैक्षणिक गतिविधियों, व्यावसायिक शिक्षा आदि के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया।

Updated on:
12 Jul 2024 09:00 am
Published on:
12 Jul 2024 08:59 am
Also Read
View All

अगली खबर