-पांच स्थानों पर तापमान 44 डिग्री के करीब-भोपाल सहित 16 स्थानों पर चली लू
भोपाल. इन दिनों आसामान से आग बरस रही है। पूरा प्रदेश गर्म हवाओं की आगोश में है। आलम यह है कि आधा प्रदेश लू की चपेट में है। आने वाले दो-तीन दिन राहत मिलने के आसार नहीं हंै। अप्रेल का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी भी अपना असर दिखा रही है। शनिवार को प्रदेश में राजगढ़ और नौगांव सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। इसी तरह खजुराहो, ग्वालियर, दमोह, खरगोन, रतलाम में भी तापमान 43.5 से अधिक रहा। प्रदेश में करीब 9 स्थानों पर तापमान 43 डिग्री के पार तो 9 स्थानों पर 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी राहत की उम्मीद कम ही है।
यहां चली लू
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर में सीवियर लू के हालात रहे। दमोह, नौगांव, खजुराहो, सीधी, सागर, गुना, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा, सतना, टीकमगढ़, रतलाम, धार, भोपाल और उज्जैन में लू की स्थिति रही।
आज यहां चल सकती है लू
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में छतरपुर, राजगढ़, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर एवं शाजापुर में सीवियर लू की संभावना जताई है। इसी प्रकार रीवा, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों के साथ ही भोपाल, धार, खंडवा, खरगोन, नर्मदापुरम, पन्ना, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी और जबलपुर जिलों में लू की संभावना व्यक्त की है।
तीन दिन राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तीन-चार दिन गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम इसी तरह बना रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी, क्योंकि इस समय कोई भी सिस्टम नहीं है। साथ ही गर्म हवाएं आ रही हंै।