
भोपाल/ राजधानी में धीरे-धीरे सर्दी का दौर शुरू हो गया है। दिसम्बर की शुरुआत के साथ ही शहर में सर्दी धीरे-धीरे अपनी आमद देने लगी है। पिछले चार दिनों से शहर के न्यूनतम तापमान में रोजाना लगभग एक डिग्री की गिरावट आ रही है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान १३ डिग्री दर्ज किया गया, जबकि २ दिसम्बर को अधिकतम तापमान १७.१ डिग्री था। इस तरह चार दिन में तापमान लगभग चार डिग्री गिरा है।
पिछले कुछ समय से शहरवासी बेसब्री से गुलाबी सर्दी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे सर्दी जोर पकडऩे लगी है। दिसम्बर की शुरुआत के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है, जो अभी जारी है। सर्दी बढऩे के कारण स्वेटर, शाल सहित गर्म कपड़े लोग पहनने लगे हैं। खासकर सुबह और शाम सर्दी का असर अधिक दिखाई दे रहा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान २४.९ डिग्री था, जो सामान्य से २ डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम १३ डिग्री रहा, जो सामान्य से १ डिग्री अधिक है।
सुबह बादलों का डेरा, दिन में खिली धूप
राजधानी में गुरुवार को मौसम के अलग-अलग रंग दिखाई दिए। सुबह आसमान में हल्के बादलों का डेरा रहा, सुबह ९ बजे के बाद धूप खिली और शाम को एक बार फिर आंशिक बादलों की स्थिति रही। दिन में भी हवाओं के कारण लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होता रहा। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि इन दिनों अरब सागर से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है, जिसके कारण सुबह हल्के बादलों की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को भी इसी तरह की स्थिति हो सकती है।
12 दिसम्बर के आसपास हो सकती है बारिश, 15 के बाद तेज गिरावट
मौसम विज्ञानी एके शुक्ला ने बताया कि फिलहाल मौसम का मिजाज इसी तरह रहेगा। तापमान में मामूली उतार चढ़ाव की स्थिति रहेगी। न्यूनतम तापमान में शुक्रवार से हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है। ९ दिसम्बर के बाद पूर्वी मप्र में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बनने की संभावना है, जिसके कारण १२, १३ दिसम्बर को प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके बाद १५ दिसम्बर से तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है।