8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘भाजपा हमारे विधायकों को दे रही 5 करोड़ का ऑफर’, पूर्व केंद्रीय मंत्री का बड़ा आरोप

Rajya Sabha Elections 2026- एक तरफ जहां कांग्रेस विधायकों की घेराबंदी में जुट गई है, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया ने मीडिया के सामने चौंकाने वाला बयान दिया है।

3 min read
Google source verification

भोपाल

image

Akash Dewani

Jun 08, 2026

Former Union minister kantilal bhuria serious allegation on bjp (फोटो- कांतिलाल भूरिया ऑफिशल फेसबुक)

Rajya Sabha Elections 2026- मध्य प्रदेश में भाजपा ने रविवार रात राज्यसभा के लिए तीसरा उम्मीदवार आखरिकार उतार दिया। भाजपा ने हाल ही मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए ओरछा के महेश केवट को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। सोमवार को सीएम मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी अपना नामांकन दाखिल कर भी कर दिया। अंतिम समय में चली गई भाजपा की इस चाल ने कांग्रेस की टेंशन को बढ़ा दिया है। एक तरफ जहां कांग्रेस विधायकों की घेराबंदी में जुट गई है, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया (Kantilal Bhuria) ने मीडिया के सामने चौंकाने वाला बयान दिया है। भूरिया ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए खुलासा किया है कि कांग्रेस विधायकों को फोन पर भाजपा के लोग 5 करोड़ से 8 करोड़ रुपए के ऑफर दे रहे है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद राजनीति के गलियारों में हलचल मच गई है।

विधायकों को मिल रहे 5 करोड़-8 करोड़ के ऑफर- पूर्व केंद्रीय मंत्री

भाजपा द्वारा राज्यसभा सीट के लिए तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया का बड़ा बयान सामने आया है जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उन्होंने कहा कि 'भाजपा देश और एमपी की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। उनकी दो राज्यसभा सीट पक्की है और एक हमारा जीतेगा।'

कांतिलाल भूरिया ने आरोप लगाया कि 'भाजपा हमारे विधायकों को फोन कर के पैसों का लालच दे रही है। भाजपा विधायकों को कह रही है 5 करोड़ लेलो, 8 करोड़ ले लो। हमारे विधायकों के पास भाजपा की तरफ से ऑफर आ रहे है लेकिन हमारे कट्टर कांग्रेसी विधायकों ने मना कर दिया। हम कोई बिकने वाली थोड़ी है। यह लोकतंत्र को खत्म करने वाली बात है।' बता दें कि, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पहले ही विधायकों की खरीद फरोख्त की आशंका जता चुके हैं। उन्होंने कहा ​है कि बीजेपी के पास इसके लिए पैसों का ​अथाह भंडार है।

विधायकों को दूसरे राज्य शिफ्ट कर सकती है कांग्रेस

भाजपा ने जैसे ही रात के समय महेश केवट का नाम तीसरी राज्यसभा सीट के लिए घोषित किया वैसे ही कांग्रेस के भीतर हलचल मचना शुरू हो गई। क्रॉस वोटिंग के डर के बीच सोमवार सुबह कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के पक्ष में एकजुट बनाए रखने के लिए विधायकों की बाड़ाबंदी की कवायद चालू हो गई। इसके लिए कांग्रेस के दो नेता दिल्ली रवाना हुए हैं। बताया जा रहा है कि भोपाल के विधायक आरिफ मसूद और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी दिल्ली गए हैं। विधायक मसूद को मैनेजमेंट का दायित्व सौंपा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस के सभी 64 विधायकों को कर्नाटक या तेलंगाना शिफ्ट किया जा सकता है।

मिनाक्षी नटराजन ने दाखिल किया नामांकन

सोमवार दोपहर कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व लोकसभा सांसद मिनाक्षी नटराजन ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके साथ एमपी कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया समेत कई बड़े नेता उनके साथ मौजूद रहे।

महेश केवट ने दाखिल किया नामांकन

भाजपा के उम्मीदवार महेश केवट अभी मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष थे। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद महेश केवट ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद से कल ही इस्तीफा दे दिया। शासन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। वे लंबे समय से संघ की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। ओरछा के रहने वाले महेश केवट का नाम रविवार देर रात घोषित किया गया। सीएम हाउस में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में राज्यसभा की तीसरी सीट जीतने के लिए रणनीति भी बनाई। सोमवार को सीएम मोहन यादव और प्रदेशध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में महेश केवट ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है।