भोपाल

केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बोले नोटबंदी का सबसे बड़ा असर भ्रष्टाचार पर पड़ा-देखें वीडियो

नोटबंदी का सबसे बड़ा असर भ्रष्टाचार पर पड़ा है। इसके साथ ही इससे डिजिटल पेमेंट में भी बढ़ौतरी आई है।
2 min read
Nov 07, 2017
ravishankar prasad at bhopal bjp office

भोपाल। नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर जहां विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार को घेरने में जुटी हैं, वहीं सत्ताधारी बीजेपी भी अपने स्तर पर इसे एक अच्छा कदम बताने की कोशि में लगी हुई है। इसी के चलते मंगलवार को भोपाल में भाजपा कार्यालय में पहुंचे केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए, नोटबंदी के तमाम फायदे गिनाए।

केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद मंगलवार शाम करीब 4 बजे भोपाल के भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कई विषयों पर चर्चा की। यहां केंद्रीय मंत्री ने नोटबंदी से हुए फायदों को तो गिनाया पर साथ ही यह भी कहा कि मैं सब कुछ ठीक नहीं कह रहा हूं, बल्कि ठीक होने के रास्ते पर है।

नोटबंदी की सालगिरह की पूर्व संध्या पर नोटबंदी के असर पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नोटबंदी का सबसे बड़ा असर भ्रष्टाचार पर पड़ा, इसके साथ ही इससे डिजिटल पेमेंट में भी बढ़ौतरी आई है। उन्होंने बताया कि 23 लाख बैंक खातों में जमा किए गए 3.68 करोड़ रुपए की जांच हो रही है।

इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री के मुताबिक 17.73 लाख पैन कार्ड धारकों की जांच भी शक के आधार पर हो रही है। साथ ही बैंक और वित्तीय संस्थाओं ने 4.7 लाख लेनदेन को संदिग्ध बताया है, और कहा कि इसकी जांच की जा रही है।

यह भी कहा -
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यह भी कहा कि 16000 करोड़ रुपए की वापसी बैंक खातों में नहीं हुई। वहीं 29213 करोड़ रुपए की अघोषित आय छापों के दौरान पकड़ी गई।
उनके मुताबिक 2 लाख 24 हजार कंपनियों को रद्द किया गया। एक-एक कमरे में चल रहीं थी कंपनियां।
जबकि एक कंपनी का बैंलेंस जीरो था, नोटबंदी के बाद 2 हजार 484 करोड़ रुपया जमा हुआ और फिर निकाल लिया गया। वे बोले मैं सब कुछ ठीक नहीं कह रहा हूं, बल्कि ठीक होने के रास्ते पर है।

कालादिवस बनाम कालाधन वापसी दिवस:
वहीं बुधवार को शहर में जहां कांग्रेस नोटबंदी की सालगिरह पर काला दिवस मनाएगी। वहीं इस दिन भाजपा कालाधन वापसी दिवस मनाएगी। सूत्रों के अनुसार ऐसे में तनाव की स्थिति से बचने के लिए पुलिस को पहले ही तैयार रहने के लिए कह दिया गया है। जिससे शहर में कहीं भी हालात काबू से बाहर न हो पाएं।

Published on:
07 Nov 2017 06:51 pm