भोपाल

एमपी में मानसून पर लगा ब्रेक, यूपी की ओर बढ़ा लो प्रेशर एरिया

Low-Pressure Area Moves UP - मौसम विभाग का पूर्वानुमान, लो प्रेशर एरिया एमपी से खिसका, यूपी की ओर पहुंचा, भारी बारिश से राहत
2 min read
Jul 10, 2026
MP Rain Alert
MP Rain Demo Pic फोटो- एएनआई

MP Monsoon - देशभर में भारी बारिश ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। मानसून पूरे देश को कवर कर चुका है। एमपी में 10 प्रतिशत, राजस्थान में 14 प्रतिशत और दिल्ली में 34 प्रतिशत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस बार मानसून केरल में ही 3 दिन देरी से 4 जून को सक्रिय हुआ और मध्य भारत में अटकते हुए आगे बढ़ा। गुरुवार को एक दिन देरी के साथ पूरे देश को कवर कर लिया। 9 जुलाई तक अंडमान- निकोबार, ओडिशा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, सिक्किम, दादरा-नगर हवेली,लद्दाख, राजस्थान, तमिलनाडु व दमन-दीव में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अब कुछ जगहों पर भारी बारिश से राहत मिल सकती है। एमपी में जो कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था वह अब उत्तरप्रदेश की ओर बढ़ गया है।

देशभर में सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक सक्रिय होता है। 9 जुलाई को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों को कवर करते हुए पूरे देश में छा गया। इस दौरान मानसून कई बार रुका लेकिन आखिरकार पूरे देश को भिगो दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। इससे 10 से 12 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 10 से 15 जुलाई तक हिमाचल और उत्तराखंड में भी जोरदार बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

इस बीच मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश पर आंशिक रूप से विराम लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मप्र पर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बना हुआ था। इसका खासा असर हुआ। लो प्रेशर एरिया अब यूपी की ओर बढ़ गया है। यही वजह है कि एमपी में अब तेज बारिश का दौर कम हो गया है।

एमपी के मंडला, टीकमगढ, मलाजखंड सहित कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।

मानसून पर एक बार फिर ब्रेक लगा

एमपी में अगले तीन चार दिन तक मानसून ब्रेक ले सकता है।मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव बताते हैं कि अगले तीन चार दिन तक कोई बड़ा सिस्टम नहीं हैं। अभी हल्के बादल रहेंगे, साथ ही लोकल क्लाउड के कारण हल्की से मध्यम बारिश, गरज चमक की स्थिति बन सकती है। मानसून के ब्रेक का यह दौर एक हफ्ते तक चलेगा।

Updated on:
10 Jul 2026 01:49 pm
Published on:
10 Jul 2026 12:50 pm