
रक्षाबंधन के समय बरसात होगी- demo pic- फोटो सोर्स : AI@Grok
MP Weather : मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में पानी गिर रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कई कारणों से प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना हुआ है। प्रदेश में मानसून ट्रफ की सक्रियता से एक बार फिर जोरदार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम का यह मिजाज अब कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा। प्रदेश में राखी पर भी मौसम बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानि IMD ने एमपी में 25 से 28 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अलग अलग इलाकों के लिए अलग अलग अवधि में भारी बारिश होगी।
राजधानी भोपाल में दो दिनों में भरपूर बारिश हुई। रविवार रात बारिश के बाद सोमवार सुबह हल्की धूप खिली पर बाद में मौसम बदल गया। शाम को शुरु हुई बरसात मंगलवार सुबह तक जारी रही।
इधर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जिन राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें एमपी भी शामिल है। विभाग ने बाकायदा प्रेस रिलीज कर यह जानकारी दी। IMD के अनुसार गंगा के मैदानी इलाकों में पश्चिम बंगाल, झारखंड व उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार पड़ रहा है। इस दिन भी एमपी में भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 25 से 26 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है। इसी प्रकार प्रदेश के पूर्वी इलाकों में मानसून के कारण 25 से 29 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि विदर्भ से सटे एमपी के हिस्से में 25 से 28 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है।
प्रदेशभर की तरह भोपाल में भी मानसून ट्रफ एक्टिव है। राजधानी में सोमवार को 1.18 इंच बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ एचएस पांडे के अनुसार, मानसून ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण व लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना हुआ है। इससे भोपाल समेत प्रदेशभर में तेज बारिश की आशंका है।
Updated on:
25 Aug 2026 12:31 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:29 pm
