
Neha Pachisia : कटनी में पावर के दम पर 82 लाख की जमीन 18 लाख में 'हथियाने' की 'डील' मेंं फंसीं सीएसपी नेहा पच्चीसिया सीएम मोहन यादव के निर्देश पर निलंबित हो चुकी हैं। उनका दफ़्तर भी सील कर दिया गया है। मामले में तीन आरोपियों पर हत्या के आरोपियों से सांठगांठ पर एफआइआर पहले ही हो चुकी है। नेहा पच्चीसिया पर कटनी में CSP के तौर पर एक केस की जांच अधिकारी रहते हुए हत्या के आरोपी व्यक्ति के परिवार से 15 लाख रुपए मांगने का आरोप है। वे जिस गांव में रहती थीं वहां अच्छा स्कूल तक नहीं था। नेहा पच्चीसिया को अच्छे स्कूल में पढ़ाने के लिए उनकी मां ने कई दिन खाना नहीं खाया था। हालांकि सारे स्ट्रगल पर लालच भारी पड़ गया।
कटनी में हत्या के आरोपी को बचाने के नाम पर की गई जमीन की 'डील' ने पुलिस विभाग को ही कठघरे में खड़ा कर दिया। कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव में हुए हत्या के मामले में नामजद आरोपी रमेश लोधी को राहत देने का लालच देकर और दबाव बनाकर उसकी कीमती जमीन औने- पौने दामों में हथियाने का खेल सीएसपी नेहा पच्चीसिया की शह पर खेला गया। अब उनपर विभागीय कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
नेहा पच्चीसिया ने पुलिस अधिकारी बनने के लिए गजब का संघर्ष किया था। एमपीपीएससी की तैयारी शुरू करने के लिए उन्होंने एयर होस्टेस की नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस सेवा में चुने जाने के बाद नेहा पच्चीसिया ने खंडवा और गुना जैसे ज़िलों में काम किया। गुना में सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (CSP) के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए मोबाइल पुलिस स्टेशन शुरू करवाए ताकि वे अपने विवाद घरों के पास ही सुलझा सकें।
राजगढ़ जिले के पचोर तहसील में एक सामान्य शिक्षक की बेटी नेहा पच्चीसिया ने एमपीपीएससी में 20वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपने संघर्ष की दास्तान सुनाई थी। नेहा पच्चीसिया ने बताया कि उनकी मां शुरू से ही बेटियों की पढ़ाई की पक्षधर थी और उन्हें अच्छे स्कूल में पढ़ाना चाहती थीं। पचोर में एक अच्छा इंग्लिश मीडियम स्कूल था लेकिन घरवाले वहां भेजने के लिए तैयार नहीं थे। इसपर उनकी मां ने 3 दिन तक खाना तक नहीं खाया था।
डीएसपी पद पर चयनित होने पर नेहा पच्चीसिया की मन की मुराद पूरी हो गई थी। कोरोना काल में उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया था। ऐसी अधिकारी का नाम अब भ्रष्टाचार के प्रकरण से जुड़ गया है।