
भोपाल/शहडोल। मध्यप्रदेश की एक महिला खिलाड़ी ने फिर से प्रदेश का नाम रोशन किया है। शहडोल की रहने वाली पूजा वस्त्रकार को दक्षिण अफ्रीका के दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चुना गया है। बीसीसीआई ने बुधवार को टीम की घोषणा की है। पूजा बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय ए टीम में खेल चुकी हैं। तेज गेंदबाज होने के साथ-साथ वे अच्छी बल्लेबाज भी हैं। उनका चयन ऑलराउंडर के तौर पर हुआ है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर 5 फरवरी से तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इस दौरान 5 टी-20 मैच भी आयोजित होंगे, जिनके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
शहडोल की रहने वाली पूजा वस्त्राकर के पिता रिटायर्ड कर्मचारी हैं। इसके अलावा उनकी मां हाउस वाइफ और 4 बहनें हैं। पूजा की जिंदगी काफी मुश्किलों से भरी रही है, लेकिन उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि वे आज टीम इंडिया के लिए चयनित हुई हैं। स्कूल और मोहल्ले से शुरू हुआ पूजा का ये सफर आज इस मुकाम पर पहुंच जाएगा, ये किसी ने भी नहीं सोचा था। खुद पूजा आज इस उपलब्धि को किसी ख्वाब से कम नहीं मानतीं।
सहवाग बने इंस्प्रेशन, नेहरा से सीखा खेलने का जज्बा
पूजा बताती हैं कि उन्हें क्रिकेट खेलने की प्रेरणा इंडियन टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग से मिली। पूजा कहती हैं कि उन्होंने क्रिकेट खेलना ही सहवाग को देखने के बाद शुरू किया था। पूजा का अब तक का करियर काफी अच्छा रहा है। लेकिन आगामी चुनौतियों को लेकर वे कहती हैं कि असली अग्निपरीक्षा तो अब शुरू होने जा रही है। साल भर पहले पूजा घुटने की सर्जरी करवा चुकी हैं। उस वक्त चोट से उबरकर बेहतर प्रदर्शन करने की ताकत उन्हें आशीष नेहरा से मिली। पूजा बताती हैं कि सर्जरी के बाद उन्हें लगता था कि वे अब शायद ही खेल पाएंगी। इस कठिन समय में उनकी प्रेरणा बने आशीष नेहरा। आशीष नेहरा को देखकर उन्हें लगा कि जब वे 11 सर्जरी होने के बाद भी मैदान पर वापस लौट सकते हैं तो वे क्यों नहीं।
क्रिकेट के अलावा पसंद है बैडमिंटन और टेबिल टेनिस
पूजा को क्रिकेट तो पसंद है ही, इसके अलावा वे बैडमिंटन और टेबल टेनिस भी काफी पसंद करती हैं। इसके अलावा वे अपने साथी खिलाड़ियों के साथ रेस में हिस्सा लेना भी काफी पसंद करती हैं। बकौल पूजा वे अपनी फिटनेस और हेल्थ को लेकर काफी सजग रहती हैं।
दक्षिण अफ्रीकी दौरे के लिए ये है टीम इंडिया
मिताली राज(कप्तान), हरमनप्रीत कौर(उपकप्तान), सुषमा वर्मा(विकेटकीपर), एकता बिष्ट, स्मृति मंधाना, पूनम यादव, पूनम राउत, राजेश्वरी गायकवाड़, जेमिमा रॉड्रिग्स, झूलन गोस्वामी, दीप्ति शर्मा, शिखा पांडे, मोना मेश्राम, पूजा वस्त्राकार, वेदा कृष्णमूर्ति, तान्या भाटिया(विकेटकीपर)