भोपाल

अमरनाथ यात्रा पर बारिश का ब्रेक, मध्यप्रदेश के 1000 से ज्यादा श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर में फंसे

Amarnath Yatra latest news- अमरनाथ यात्रा मौसम की खराबी के कारण रुकी हुई है, जिस कारण 19 जुलाई से भोपाल सहित मध्यप्रदेश के एक हजार से अधिक यात्री फंसे हुए हैं...। देखें अपडेट्स...।
2 min read
Jul 21, 2026
Amarnath Yatra 2026
Amarnath Yatra 2026- भोपाल सहित मध्यप्रदेश से गए अमरनाथ यात्री जम्मू और कश्मीर में फंसे।

Amarnath Yatra halted- जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और भूस्खलन से अमरनाथ यात्रा रुक गई है। 19 जुलाई से यह यात्रा रुकी हुई है। जिस कारण मध्यप्रदेश से गए 1 हजार से अधिक यात्री फंस गए हैं। वे जम्मू से लेकर पहलगाम तक अलग-अलग स्थानों पर रुके हुए हैं। बारिश बंद होने और अमरनाथ यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। भोपाल के भी 300 यात्रियों का जत्था मौसम खराब होने के कारण फंसा हुआ है। अमरनाथ यात्रियों ने पत्रिका को फोन पर बताया कि हमें जम्मू से कई अन्य तीर्थ स्थलों पर भी जाने नहीं दिया जा रहा है। जिस कारण यात्रियों में निराशा है। तीन दिन से फंसे हैं और दो से तीन दिन तक मौसम साफ होने के आसार नहीं लग रहे हैं।

भोपाल के 300 लोग फंसे

मध्यप्रदेश से हर साल बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रा के लिए जत्था जाता है। भोपाल के ओम शिव शख्ति सेवा मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने पत्रिका को फोन पर बताया कि हमारे हमारे दो जत्थे रुके हुए हैं, जिसमें करीब 300 लोग भोपाल के ही हैं, इसके अलावा मध्यप्रदेश के बाकी शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं, जिन्हें जम्मू से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। भटेजा ने बताया कि मौसम खराब होने का हवाला देते हुए यात्रा को रोक दिया गया, लेकिन प्रशासन के लोग जम्मू से वैष्णोदेवी, बूढ़ा महादेव, शिवखोड़ी आदि स्थानों पर भी जाने नहीं दे रहे हैं, जिस कारण सभी यात्री एक ही जगह पर फंसे हुए हैं। मंडल का 11वां जत्था 15 जुलाई को और 12वां जत्था 17 जुलाई को अमरनाथ यात्रा के लिए निकला था। यह दोनों ही जत्थे फंसे हुए हैं। यह यात्रा मंगलवार को भी शुरू नहीं हो सकी है। फिलहाल यात्रा खुलने में दो-तीन दिन का समय भी लग सकता है।

होटल-रेस्टोरेंट के दाम बढ़े

यात्रियों ने फोन पर बताया कि मौसम खराब होने के कारण यात्रा को रोक दिया गया है, इस दौरान भीड़ भी बढ़ गई है। हमें रुकने के लिए होटल और होम स्टे की तलाश की तो इन्होंने दाम अचानक बढ़ा दिए गए हैं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री होम स्टे में ठहरे हैं और लंगर में भोजन कर रहे हैं। भोपाल के राजेश जायसवाल भी अपने साथियों के साथ जम्मू में फंसे हुए हैं।

रिजर्वेशन में होगी दिक्कत

भटेजा ने बताया कि श्रद्धालुओं को चिंता है कि सभी यात्रियों के लौटने का रिजर्वेशन भी गड़बड़ा जाएगा। क्योंकि यात्रा में विलंब हो गया है। सभी यात्री कई माह पहले रिजर्वेशन कराते हैं, लेकिन अब ऐसी स्थिति में उन्हें लौटने के रिजर्वेशन में दिक्कत हो सकती है। क्योंकि यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और उनके टूर का शेड्यूल बिगड़ गया है, वहीं अधिक दाम पर होटल मिलने से बजट भी गड़बड़ा गया है।

जम्मू में फंसे कई श्रद्धालु

अमरनाथ यात्रा को रोक देने का असर यात्रियों के जत्थे पर पड़ गया है। कई जत्थों को जम्मू में ही रोक दिया गया है। यात्रियों से धर्मशालाओं में रुकने का किराया भी मांगा जा रहा है।

कश्मीर में भी फंसे यात्री

इससे साथ ही कई यात्री जो पहलगाम और बालटाल के रास्ते जा रहे थे उनमें से कई यात्री पहलगाम और बालटाल के शिविरों में रुके हुए हैं, वे लंगर में खाना खा रहे हैं। कई यात्री आगे जाने की जिद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को देखते हुए मिलिट्री के जवान मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं।

Updated on:
21 Jul 2026 01:33 pm
Published on:
21 Jul 2026 01:31 pm