भोपाल

MP Assembly Session 2026 : पहले दिन किसान, UCC, भर्ती परीक्षा और रोजगार पर सरकार को घेरने की तैयारी

MP Assembly Session 2026 : मानसून सत्र के पहले दिन किसान, यूसीसी, भर्ती परीक्षा और रोजगार पर सरकार को घेरेगा विपक्ष। डीजे के शोर पर ध्यानाकर्षण, खाद-बीज पर भी चर्चा होगी।
2 min read
MP Assembly Session 2026
MP Assembly Session 2026 (आज मानसून सत्र का पहला दिन Photo Source- Patrika)

Monsoon Session : मध्य प्रदेश विधानसभा में आज से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र में विपक्ष किसानों की समस्याओं, वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षाओं में सिस्टम सुधार, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, केन-बेतवा परियोजना से जुड़े मुद्दों, उज्जैन में जमीन खरीदी आदि मुद्दों पर सरकार को घेरेगा। यह सत्र हंगामेदार होने की संभावना है।

सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक देवेन्द्र पटेल तेज आवाज वाले डीजे सिस्टम लगाने वालों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर ध्यानाकर्षण लाएंगे। वहीं, लोक महत्व के विषय पर चर्चा में किसानों को खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज नहीं मिलने और अवर्षा की स्थिति के संबंध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार चर्चा उठाएंगे। कांग्रेस विधायक दल की रविवार को हुई बैठक में विभिन्न मुद्दों को उठाने की रणनीति बनाई गई थी। बैठक में प्रदेश के जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सदन में पूरी मजबूती के साथ उठाने का निर्णय लिया गया।

जवाबदेही सुनिश्चित करने की होगी मांग

बैठक में तय किया गया कि, विधानसभा सत्र के दौरान सभी मुद्दों को तथ्यों और प्रमाणों के साथ प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जाएगा। साथ ही, राज्य सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

सरकार से मांगा जाएगा जवाब

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि, कांग्रेस विधायक दल जनता के हितों और प्रदेश के हर वर्ग की आवाज को पूरी मजबूती से विधानसभा में उठाएगा। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं तथा आदिवासियों और दलितों के अधिकारों से जुड़े गंभीर प्रश्न लगातार सामने आ रहे हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना होगा।

सदन की पहली कार्यवाही के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक

भाजपा विधायक दल इन मुद्दों पर जवाब देने की रणनीति आज तय करेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायक दल की बैठक पहले दिन की सदन की कार्रवाई के बाद आयोजित होगी।

पहले दिन दो अध्यादेश पटल पर आएंगे

मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की बैठक सुबह 11 बजे मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र, लोक गायिका तीजनबाई आदि के निधन के उल्लेख के साथ शुरू होगी। फिर मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश और मप्र उपकर संशोधन अध्यादेश को पटल पर रखा जाएगा। विधायक देवेन्द्र पटेल डीजे के संबंध में ध्यानाकर्षण लाएंगे। विधायक अर्चना चिटनीस महाराष्ट्र के पंढरपुर स्थित मप्र सदन के मरम्मत एवं विकास पर ध्यान आकर्षित करेंगी।

नेहरू-वाजपेयी, नेताजी और मुखर्जी के फोटो

विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पंडित जवाहर लाल नेहरू, जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के तैलचित्र लगाए गए हैं। रविवार को विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इनका अवलोकन किया था। बता दें, 2023 में सदन के भीतर स्पीकर के बाएं तरफ लगी पूर्व पीएम नेहरू की तस्वीर हटाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की फोटो लगाई गई थी। उस समय कांग्रेस विधायकों ने काफी विरोध भी किया था।

Updated on:
20 Jul 2026 09:19 am
Published on:
20 Jul 2026 09:19 am