
MP Bina By Election- क्या मध्यप्रदेश में एक और उपचुनाव हो सकते हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति में इस वक्त यही चर्चा चल रही है। दतिया उपचुनाव के बाद बीना में यह उपचुनाव हो सकते हैं। यहां की कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ दायर दल बदल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को दो माह में फैसला लेने को कहा है। उनके फैसले के बाद एमपी में एक और उपचुनाव हो सकते हैं। इधर, बीना उपचुनाव के सुगबुगाहट पर कांग्रेस ने तीखे तेवर दिखाने शूरू कर दिए हैं।
सागर जिले की बीना विधानसभा से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे कुछ समय पहले भाजपा के साथ जुड़ गई थीं। निर्मला 2023 में बीना सीट से चुनाव जीती थी। उनका विवाद लोकसभा चुनाव 2024 के वक्त शुरू हुआ। मई 2024 में उन्हें मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंच पर देखा गया। इसके बाद भाजपा में शामिल हने की अटकलें तेज हो गई थी। कांग्रेस ने इसे दलबदल का मामला बताते हुए विधानसभा से उनकी विधायकी खत्म करने की मांग की थी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने यह मामला 30 जून 2024 को विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष उठाया, उन्हें अयोग्य बताने वाली याचिका दायर की। काफी समय तक इस पर फैसला नहीं हो पाया तो कांग्रेस ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
हाईकोर्ट के फैसले से सुप्रीम कोर्ट सहमत नहीं हुआ। क्योंकि हाईकोर्ट ने कहा था कि विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष कार्यवाही जारी है और इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है। इस मामले में सप्रे ने कांग्रेस से इस्तीफा देने या भाजपा ज्वाइन करने से इनकार कर दिया था। याचिकाकर्ता उमंग सिंघार की तरफ से सीनियर अधिवक्ता विवेक तन्खा ने कोर्ट में कहा था कि यह मामला संविधान की दसवीं अनुसूची के लिए अहम है। उनका तर्क था कि निर्मला कांग्रेस छोड़ दूसरे राजनीतिक संगठन का प्रचार कर रही है। इसके बावजूद विधानसभा अध्यक्ष के स्तर पर अयोग्यता याचिका पर कोई फैसला नहीं लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट तक मामला पहुंचा और शीर्ष अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष को दो माह का समय इस मामले में फैसला देने को कहा। यदि विधानसभा अध्यक्ष उनके अयोग्य बताते हैं तो मध्यप्रदेश में विधानसभा में कांग्रेस का एक सदस्य कम हो जाएगा और दोबारा से उपचुनाव होंगे।
उनके बारे में शुरू से ही यह अटकलें थीं कि वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन की ट्रेनिंग में भी वे शामिल हुई थीं। पहले इनके बारे में कहा जा रहा था कि वे विधानसभा की कार्यवाही से लगातार दूरी बनाए हुए हैं।
इससे पहले क्षेत्रीय सांसद लता वानखेड़े ने पिछले साल नवंबर में ही कहा था कि बीना विधायक निर्मला ने भाजपा का दामन थामा है। पीएम नरेंद्र मोदी की योजनाओं से प्रभावित होकर सीएम मोहन यादव की योजनाओं से प्रभावित होकर वे भाजपा में आई हैं। वे निरंतर हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। वे हमारे कार्यकर्ताओं को सम्मान दे रही हैं। तब सांसद ने कहा था कि जब कोई नेता पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी में आता है तो चुनाव तय होता है। तकनीकी कारणों से उस दिशा में हम नहीं गए हैं, लेकिन जल्द ही उस दिशा में जाएंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीति गर्मा गई थी।
बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की संभावनाओं को देखते हुए मध्यप्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। जीतू ने भाजपा को सीधे तौर पर चुनौती ही दे दी है। पटवारी ने कहा है कि बीजेपी पिछले उपचुनाव में 50 करकोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद जीत नहीं पाई, अब चाहे 100 करोड़ रुपए खर्च कर लें, लेकिन कांग्रेस उसे हराकर दिखाएगी। जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी पर यह निशाना साधा था। उन्होंने बीजेपी पर धनबल के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश करने की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जनता का फैसला पैसे से तय नहीं होगा।
चार माह पहले ही दतिया में विधानसभा के उपचुनाव हुए थे। जिसमें कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सजा होने के बाद दोबारा चुनाव हुए थे। इसमें भाजपा को हार मिली थी। यहां से पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिला था। नरोत्तम के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव ने सभी का ध्यान खींचा था। कांग्रेस ने इसे 2028 के चुनाव का ट्रेलर करार दिया था। कांग्रेस के घनश्याम सिंह भाजपा के आशुतोष तिवारी से 6016 वोटों से जीत गए थे। आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव को 22527 वोट मिले थे।
2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की निर्मला सप्रे को 72458 वोट मिले थेष जबकि भाजपा के महेश राय को 66303 वोट मिले थे। भाजपा के महेश राय 2013 और 2018 में चुनाव जीते थे।