
MP IAS Transfer List- मध्यप्रदेश में एक बार फिर बड़े अफसरों के तबादले हुए हैं। राज्य शासन ने 11 आइएएस अधिकारियों के साथ ही राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें सचिव और अपर सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सीएम मोहन यादव के दुबई दौरे से पहले इन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। माना जा रहा है कि सीएम के वापस लौटने के बाद एक बार फिर बड़ी प्रशासनिक सर्जरी होने वाली है।
मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने शनिवार को 11 आइएएस अफसरों के तबादले आदेश जारी किए हैं। विवादों में रहने वाली सागर कमिश्नर नेहा मारव्या को भी हटा दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी है। इसमें पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और सिंहस्थ उज्जैन के अपर मेला अधिकारी शामिल हैं।
मध्यप्रदे के नए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने शनिवार को यह आदेश जारी किए हैं। इसमें 2006 बैच के आइएएस सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी को मध्यप्रदेश भंडारगृह निगम भोपाल में प्रबंध संचालक बनाया है। 2008 बैच के आइएएस अधिकारी दिलीप कुमार को सागर संभाग का आयुक्त बनाया है। दिलीप कुमार वर्तमान में उद्योग विभाग के आयुक्त हैं। साथ ही लघु उद्योग निगम के प्रबध संचालक का भी अतिरिक्त प्रभारी हैं। 2009 बैच के अधिकारी सतेंद्र सिंह को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बनाया गया है। इसके अलावा 2011 बैच की अधिकारी नेहा मारव्या सिंह को मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। 2012 बैच की निधि निवेदिता को आयुक्त राजस्व बनाया है। साथ ही भूअभिलेख एवं बंदोबस्त ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के भी तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण आदेश जारी हुए हैं, जिनमें 2008 बैच के नरोत्तम प्रसाद भार्गव को ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सीईओ से हरदा जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है। 2008 बैच के अधिकारी को गुना अपर कलेक्टर तथा सक्षम प्राधिकारी गैल इंडिया लिमिटेड विजयपुर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए उन्हें धार जिले का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया है। 2008 बैच की सुरभि तिवारी को उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल से विदिशा जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है। 2011 बैच के अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया को विदिशा से उज्जैन सिंहस्थ में अपर मेला अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा 2011 बैच के अधिकारी शैलेंद्र सिंह को सीईओ जिला पंचायत सतना से दतिया जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है। 2012 बैच की अफसर सपना त्रिपाठी को अपर कलेक्टर रीवा से सतना जिले का जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छह से आठ सितंबर तक दुबई में आयोजित निवेशकों के सम्मेलन में शामिल होंगे। उनके जाने से एक दिन पहले शनिवार को यह तबादले किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सीएम के लौटने के बाद प्रदेश में कुछ कलेक्टर्स भी बदले जाएंगे। आगे होने वाले तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के बीच प्रारंभिक चर्चा भी हो चुकी है। मंत्रालय स्तर पर अधिकारियों के दायित्व में परिवर्तन भी किया जाएगा।