
MP News :मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस की ओर से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान राजधानी भोपाल, भिंड, बैतूल समेत प्रदेश के अलग - अलग शहर से विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का आरोप है कि, भाजपा ने जिस हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है, उनका नाम अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और संचार में सामने आ चुका है।
इधर, राजधानी भोपाल में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस हिरासत में लिये जाने का एक वीडियो शेयर करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पोस्ट करते हुए पलटवार किया कि, 'मोहन बाबू, आप हरदीप पुरी का मुंह काला करने से रोक सकते हैं, लेकिन यह कांग्रेस के सिपाही है, मुंह काला करके ही दम लेंगे! आज भोपाल में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में लेकर यह सिद्ध किया है कि मोहन सरकार भी एपस्टीन के साथी का साथ दे रही है!'
राज्यसभा के उम्मीदवार हरदीप पुरी का पुतला जलाने के मामले में बैतूल में युवा कांग्रेस के साथ साथ जिला कांग्रेस के नेताओं की धरपकड़ तेज़ हो गई है। पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
कांग्रेस ने एक एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'हरदीप पुरी को पहले मध्यप्रदेश से राज्यसभा का टिकट और अब उनकी पहरेदारी में पुलिस कांग्रेसजनों को हिरासत में लेने में जुटी है! युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अभिषेक परमार द्वारा प्रदर्शन की चेतावनी दिए जाने पर पुलिस उनके घर ही पहुँच गई। आखिर भाजपा सरकार सवालों से इतना घबरा क्यों रही है? लोकतंत्र में विरोध की आवाज़ को दबाने की यह कैसी कोशिश है?'
इधर, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाते हुए कहा कि, 'हरदीप पुरी जी उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं तो वहां से टिकट तक नहीं मिला और मुंह उठाकर मध्य प्रदेश में टपक पड़े! एपस्टीन फाइल्स (Epstein Files) के खुलासे के बाद मीडिया से छुपते-छुपाते, चोरों की तरह नॉमिनेशन भरने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी जी, अगर दामन साफ है तो सवालों से यह खौफ कैसा? जवाब दीजिए!
मुख्यमंत्री मोहन यादव जी और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी शर्म के मारे अपने उम्मीदवार को आगे तक नहीं कर पा रहे! आख़िर कौन सी मजबूरी है, जिससे आपको और आपकी पार्टी को मुँह छिपा कर भागना पड़ रहा है? जनता जवाब माँग रही है!
आपको बता दें कि, भाजपा ने एल मुरुगन द्वारा खाली की गई राज्यसभा सीट के लिए पुरी को उम्मीदवार बनाया है। मुरुगन ने इसी महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उच्च सदन में मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 में समाप्त होना था।