भोपाल

सागर SP अनुराग सुजानिया समेत 4 IPS अफसरों के तबादले, जहरीली शराब त्रासदी से हुए थे चर्चित

IPS Transfer : एमपी में 4 IPS अफसरों के तबादले हुए हैं। सागर एसपी अनुराग सुजानिया पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजे गए हैं, जबकि संजीव कुमार सिन्हा को सागर और आदित्य मिश्रा को देवास का नया एसपी बनाया गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 5:42 PM IST
IPS Transfer
चार आइपीएस अफसरों के तबादले (फोटो सोर्स: Patrika File)

MP News : मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने मंगलवार आज 27 अक्टूबर 2026 को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के चार अफसरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ संजीव कुमार सिन्हा को सागर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में दो अन्य अधिकारियों के तबादले भी हुए हैं। देवास के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बालाघाट के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को देवास जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

4 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, आदेश जारी

चार आइपीएस अफसरों के तबादले (फोटो सोर्स: Department of General Administration)

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया अब भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनकी जगह 2016 बैच के आईपीएस संजीव कुमार सिन्हा को सागर जिले की कानून-व्यवस्था संभालने की कमान सौंपी गई है।

इसी तरह, 2017 बैच के आईपीएस पुनीत गहलोत को भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। उनकी जगह 2018 बैच के आईपीएस आदित्य मिश्रा को देवास जिले के पुलिस अधीक्षक की कमान मिली है। आदेश मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

बंडा में जहरीली शराबकांड से चर्चा में आए थे अनुराग सुजानिया

आपको बता दें कि, सागर एसपी रहे अनुराग सुजानिया इससे पहले जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले के कारण चर्चा में आए थे। अब उन्हें सागर से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में इन बदलावों के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया गया है।

नए बदलाव से नई जिम्मेदारी

चार आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के साथ सागर और देवास जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव होगा। अब दोनों जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों को संभालने की अहम जिम्मेदारी रहेगी।

Updated on:
27 Oct 2026, 5:42 PM IST
Published on: