सीएम मोहन यादव ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा में लिया भाग...
सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहली बार गुरुवार को विधानसभा में भाषण दिया। सीएम मोहन यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा में भाग लिया और इस दौरान उन्हें बड़ी घोषणा करते हुए प्रदेश में 55 एक्सीलेंस कॉलेज खोलने का ऐलान किया। वहीं लाडली बहना योजना को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि न केवल लाडली बहना योजना बल्कि पूर्व से चली आ रही कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी।
सीएम के भाषण की मुख्य बातें...
- प्रदेश के 55 जिलों में एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाएंगे।
- रजिस्ट्री के बाद अब लोगों को नामांतरण के लिए चक्कर नहीं लगाने होंगे, रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण भी होगा।
- तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थ यात्रियों को अयोध्या राम मंदिर भेजा जाएगा।
- ट्रेन, बस के जरिए मध्यप्रदेश के लोगों को सरकार राम मंदिर भेजेगी।
- राम के बाद कृष्ण पर हमारा फोकस है। मध्य प्रदेश में कृष्ण जी ने जहां-जहां लीलाएं की उन स्थानों को मध्य प्रदेश सरकार विकसित करेगी।
- लाडली बहना योजना बंद नहीं होगी और पहले से तय तारीख पर ही लाडली बहना के खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।
- बीजेपी के संकल्प पत्र का एक-एक वादा पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस पर बरसे सीएम मोहन
सदन में मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर के मामले को अटकाया था और अब कांग्रेस को कृष्ण के नाम से आपत्ति हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए आगे कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं इतने वरिष्ठ नेताओं के साथ हूं। कांग्रेस में युवाओं को ठोकर खाने के बाद ध्यान रखते हैं। हमारी पार्टी पहले रख लेती है। चाय बेचने वाले प्रधानमंत्री बनते हैं और मुझ जैसे को मुख्यमंत्री बनाते हैं। कांग्रेस में इसका अभाव है।