भोपाल

मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल होंगे 5 जिले, एमपी के 2523 गांव बनेंगे शहर, बदलेगी किस्मत

MP News: एमपी के इस शहर को मेट्रोपॉलिटन रीजन बनाने की तैयारी तेज, 5 जिलों से 12 हजार वर्ग किमी जमीन निकालने की कवायद जारी, सर्वे भी किया जा रहा, हजारों गांव शहर बनेंगे भरेंगे विकास की उड़ान...
2 min read
Mar 26, 2026
MP News metropolitan region
MP News metropolitan region(photo:patrika creative)

MP News: भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन में 2523 गांव शामिल होंगे। भोपाल समेत रायसेन, विदिशा, राजगढ़, सीहोर जिलों से 12 हजार वर्ग किमी जमीन निकालने की कवायद की जा रही है। बीडीए की तय एजेंसी इसके लिए सर्वे कर रही है। भोपाल जिले की आबादी के घनत्व 855 व्यक्ति प्रति हेक्टेयर के अनुसार इसमें 75 लाख की आबादी के लिए जगह तय होगी। आठ से दस माह में डीपीआर सामने आएगी, जिसके बाद जमीनी काम शुरू होगा।

निगम बने रहेंगे, प्रबंधन करेगी मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी

रीजन बनने के बाद भी मौजूदा निगम, पंचायत बने रहेंगे। हालांकि प्रबंधन का काम मेट्रोपॉलिटन रीजन अथॉरिटी केरगी। इसका फोकस क्षेत्र में शामिल गांवों में विकास खासतौर पर कनेक्टिविटी को लेकर होगा। भोपाल सेंट्रल पाइंट रहेगा, जबकि संबंधित क्षेत्रों में आवासीय व अन्य गतिविधियां विकसित होंगी।

क्षेत्र विकास के आधार पर योजना

  • क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की योजना
  • क्षेत्र में ग्रोथ सेंटर को चिन्हित करना
  • सेटेलाइट टाउन के लिए क्षेत्र चिन्हित करना
  • टूरिस्ट सेंटर व सर्किट भी तय होगा
  • पर्यावरणीय विकास के लिए पूरा मैनेजमेंट तय करना
  • बेहतर कृषि भूमि का संरक्षण प्लान
  • केपिटल इन्वेस्टमेंट प्लान होगा, जिसमें रोड, प्राकृतिक नाले, जनसुविधाएं व सेवाओं के साथ रीजन के आर्थिक विकास का पूरा मैप रहेगा।

इन जिलों के ये क्षेत्र भोपाल मेट्रोपॉलिटन में

  • रायसेन जिले का रायसेन, औबेदुल्लागंज इसमें शामिल किया गया है।
  • विदिशा जिले से विदिशा, ग्यारसपुर, गुलाबगंज को इसमें शामिल किया गया है।
  • सीहोर जिले के सीहोर, इछावर, आष्टा, श्यामपुर, जावर को शामिल किया गया है।
  • राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़, जीरापुर, ब्यावरा, पिछोर, खूजनेर भी इसमें शामिल है।
  • भोपाल जिले के हुजूर, बैरसिया, कोलार को मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल किया है।

2000 हेक्टेयर जमीन पास के जिलों से निकलेगी ट्वीन सिटी

मेट्रोपॉलिटन रीजन की प्लानिंग में भोपाल के आसपास के जिलों से 2000 हेक्टेयर जमीन निकाली जानी है। बता दें कि भोपाल में आबादी लगातार बढ़ रही है। इस बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए यहां 2000 हेक्टेयर में नई टाउनशिप बनाई जा रही है, इसी टाउनशिप में बढ़ती आबादी को बसाने की तैयारी है। इस टाउनशिप को ट्वीन सिटी कांसेप्ट पर तैयार किया जाएगा। यहां लोग भोपाल में काम करेंगे और आसपास के जिलों में विकसित टाउनशिप में अपना घर बनाकर रहेंगे।

Bhopal Metropolitan Region(AI Image)

सर्वे का काम किया जा रहा है

मेट्रोपोलिटन रीजन के लिए सर्वे का कार्य किया जा रहा है। राजधानी भोपाल समेत आसपास के जिलों के गांवों में आगामी समय में विकास कार्यों में तेजी आएगी।

-संजीव सिंह, प्रशासक बीडीए, संभागायुक्त

Updated on:
26 Mar 2026 12:16 pm
Published on:
26 Mar 2026 12:09 pm