भोपाल

मध्यप्रदेश मौसम अलर्ट: 17 शहरों में हीट वेव वॉर्निंंग, 7 में बारिश, 24 घंटे में दिखेगा असर

mp weather today: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के सभी शहरों का मौसम शुष्क हो गया है। अब मौसम विभाग ने 22 और 23 अप्रेल को यानी आगामी 24 घंटे में प्रदेश के 10 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि शहर के 10 जिलों के 17 शहरों में तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं कुछ शहरों में बारिश भी हो सकती है...

2 min read
Apr 22, 2026
MP Weather Alert: एमपी में मौसम विभाग की डबल चेतावनी कहीं लू तो कहीं बारिश का अलर्ट जारी(photo:patrika creative)

MP Weather: मध्यप्रदेश में धूप की तपिश के बीच चढ़ता तापमान लोगों को बेहाल कर रहा है। प्रदेश का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया है। आलम ये है कि गर्मी के दिनों में भी राहत देने वाले मध्यप्रदेश के कई शहरों में दिन के साथ ही रात में भी पहली बार लू का अलर्ट जारी किया गया।

अगले 24 घंटे में दिखेगा मौसम का असर

आज बुधवार 22 अप्रैल को मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए मालवा, ग्वालियर-चंबल में हीट वेव्ज का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन के तापमान में भी बढ़त नजर आ सकती है। विभाग का कहना है कि इन 10 जिलों के 17 शहरों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से धूप से बचने और दोपहर में घरों या ऑफिस से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

अप्रेल के दूसरे पखवाड़े ने सताया

एमपी में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर तेज हो चला है। इस बार तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। कई जिलों में दिन का पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। मंगलवार को खजुराहो और नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर रहे। यहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी भीषण गर्मी देखने को मिली।

अब तक कितना रहा इन शहरों का तापमान

सीधी में 42.6 डिग्री, नौगांव में 42.5 डिग्री, रायसेन में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री, सतना-नरसिंहपुर में 41.6 डिग्री, रीवा-टीकमगढ़ में 41.5 डिग्री, दमोह में 41.4 डिग्री, सागर में 41.3 डिग्री, दतिया-उमरिया में 41.2 डिग्री, मंडला में 41 डिग्री, गुना में 40.7 डिग्री, जबलपुर और धार में 40.6 डिग्री, श्योपुर में 40.4 डिग्री, भोपाल-ग्वावियर और शाजापुर में 40.2 डिग्री, उज्जैन में 40 डिग्री और इंदौर में तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रातें भी हुईं गर्म

इस सीजन में पहली बार रात में भी लू का अलर्ट जारी किया गया। दिन के बाद लोगों को रात में भी गर्म हवा परेशान कर रही है। इन दिनों प्रदेश में वॉर्म नाइट की स्थिति बनी हुई है। भोपाल समेत कई शहरों में रात का तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

आज इन जिलों में लू का अलर्ट

आज बुधवार 22 अप्रैल को मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। ग्वालियर, छतरपुर, आलीराजपुर, दतिया, भिंड, टीकमगढ़, धार, रतलाम और झाबुआ में हीटवेव वॉर्निंग दी गई है।

इन शहरों के लिए आई खुशखबरी

भीषण गर्मी और लू की चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने एमपी के कुछ जिलों के लिए खुशखबरी भी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि आज से अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई शहरों में बारिश का दौर चलेगा। सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन शहरों में 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी है।

Updated on:
22 Apr 2026 12:05 pm
Published on:
22 Apr 2026 12:01 pm
Also Read
View All