
Dharmendra Pradhan - नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विपक्ष के निशाने पर हैं। कांग्रेस उनका इस्तीफा मांगते हुए देशभर में प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारियों से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया है। इससे बचाने के लिए उनका सुरक्षा घेरा मजबूत किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के लिए कई लेयर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। भोपाल में इसका नजारा दिखा। पुलिस बल के साथ ही बीजेपी नेता और कार्यकर्ता भी उनकी सुरक्षा के प्रति सतर्क दिखे और आसपास घेरा बनाकर चलते रहे। युवक कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी में लगे भी थे पर इसके पहले ही पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें उठा लिया। जीतू पटवारी, उमंग सिंघार जैसे वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की खिलाफत की ।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार देर रात पार्टी से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आए थे। उन्होंने शनिवार को सुबह सीएम मोहन यादव से सीएम हाउस जाकर मुलाकात की। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बाद में पार्टी के कार्यक्रम को संबोधित किया।
इससे पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट की दोबारा होने वाली परीक्षा पर कहा, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कुछ बदलाव किए हैं। परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। पहले 180 मिनट दिए जाते थे। अब 195 मिनट मिलेंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र पूरे मन से भरोसा कर पढ़ाई में मन लगाएं। उन्होंने दावा किया कि 21 जून को दोबारा नीट परीक्षा व्यवस्थित तरीके से होगी। सरकार व एजेंसियां निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सुनिश्चित करेंगे कि किसी छात्र से अन्याय न हो। ।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आगमन पर प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की। नीट को लेकर विरोध प्रदर्शन की आशंका में शनिवार को हर तरफ पुलिस बल तैनात रहा। युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाने की तैयारी की थी। प्रदर्शन के पहले ही दोनों संगठनों के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की सुरक्षा के लिए जबर्दस्त व्यवस्था की गई। भाजपा के संवाद कार्यक्रम स्थल मिंटो हॉल के आसपास पुलिस का कई स्तरीय घेरा बनाया गया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बीजेपी नेता और कार्यकर्ता भी घेरे रहे।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, जब भाजपा सरकार परीक्षाएं सुरक्षित नहीं करा सकती, तो युवाओं को भरोसा रखने की अपील करना उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। दोबारा परीक्षा कराने से बात नहीं बनेगी। युवा जवाब चाहता है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई चाहता है।
प्रदेश के 30 जिलों के 283 केंद्रों पर नीट की परीक्षा होगी। सबसे ज्यादा इंदौर में 57 केंद्र बनाए हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने संबंधित कलेक्टरों से कहा है कि किसी भी हालत में युवाओं को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। परीक्षा के पहले सुरक्षा के लिए पहले ही केंद्रों की पड़ताल कर लें। बता दें, नीट यूजी के पेपर लीक होने के बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा होने जा रही है।