भोपाल

नया सत्र: इस बार जल्दी शुरू हो जाएगा अगला सेशन, नई तारीख के लिए जारी हुए आदेश

एमपी बोर्ड के सरकारी स्कूलों में 2018-19 से शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस बारे में सोमवार को आदेश जारी किए।

2 min read
Jan 16, 2018
mp board exam

भोपाल। एमपी बोर्ड के सरकारी स्कूलों में 2018-19 से शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस बारे में सोमवार को आदेश जारी किए। इसके अनुसार 9वीं और 11वीं के परीक्षा परिणाम 31 मार्च तक घोषित किए जाएंगे। पहली से 8वीं तक की परीक्षाएं 28 फरवरी तक संपन्न होंगी। सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं तक की प्रवेश प्रक्रिया 15 अप्रैल तक पूरी करने के निर्देश हैं।

आपको बता दें कि लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2018 से शुरू होगा। यानि हर हाल में 31 मार्च तक सभी परीक्षा परिणाम घोषित हो जाएंगे। साथ ही ये भी निर्देशित किया गया है कि बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर बाकी सभी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और मूल्यांकन पद्धति में इस प्रकार के परिवर्तन किए जाएं ताकि तय समय के अनुसार छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए जा सकें।

दिया जाएगा प्रोविज़नल एडमिशन
इसके साथ ही ये भी निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन स्टूडेन्ट्स का रिजल्ट 1 अप्रैल तक किसी भी कारण से जारी नहीं होता है, उन्हें अगली कक्षा के लिए 1 अप्रैल से ही प्रोविज़नल एडमिशन दे दिया जाएगा ताकि उनका साल बर्बाद न हो। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि माना जा रहा है कि दसवीं के परीक्षा परिणामों में कुछ विलम्ब होने की संभावना है। यदि दसवीं के परीक्षा नतीजों में देरी होती है तो इस स्थिति में स्टूडेन्ट्स 11वीं की पढ़ाई के लिए आगे भेज दिए जाएंगे।

बचा है सिर्फ एक महीने का समय
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी इन निर्देशों के बाद अब मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के पास कुल मिलाकर एक महीने का समय बचता है। बोर्ड के पास इतने समय में सभी चीजों को व्यवस्थित करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। बीते दिनों विभिन्न त्योहार और सरकारी आयोजनों के चलते सरकारी स्कूलों के काफी अवकाश हो चुके हैं। इतना ही नहीं इन दिनों 2.50 लाख अध्यापक भी हड़ताल की धमकी दे चुके हैं। इन सभी को चीजों को देखते हुए ये माना जा सकता है कि सब कुछ समय पर आयोजित कर समापन कराना बोर्ड के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होगा।

Published on:
16 Jan 2018 01:34 pm